Manmohan Singh funeral : पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह का गुरुवार रात निधन हो गया। शनिवार को राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। सरकार की ओर से फैसला लिया गया है कि 28 दिसंबर 2024 को सुबह 11:45 बजे नई दिल्ली के निगमबोध घाट पर मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह भारतीय राजनीति की ऐसी शख्सियत थे जो बेहद कम बोलते थे। मगर जब बोलते, तो बेहद मजबूती से। अब वह शख्सियत हमेशा के लिए मौन हो गई। मनमोहन सिंह ने 92 वर्ष की आयु में दिल्ली एम्स में गुरुवार रात अंतिम सांस ली थी। आज दिल्ली के निगम बोध घाट पर राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार होगा। इससे पहले, शुक्रवार को उनके आवास पर पीएम मोदी-राष्ट्रपति मुर्मू समेत देश के तमाम नेताओं ने श्रद्धांजलि दी।
सभी दलों के दिग्गज नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम नरेंद्र मोदी समेत सभी दलों के दिग्गज नेताओं ने दिवंगत डॉ. सिंह को शुक्रवार को उनके निवास पर श्रद्धांजलि दी। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कई केंद्रीय मंत्री उनके निवास पर पहुंचने वालों में शामिल थे। सभी ने सिंह की पत्नी गुरशरण कौर व परिवार के सदस्यों को सांत्वना दी और दुख को सहन करने के लिए ढांढ़स बंधाया।
झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने मनमोहन सिंह को दी श्रद्धांजलि दी
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह ने देश को नई दिशा दी और उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। झारखंड के सीएम ने कहा कि यह बहुत दुख की घड़ी है कि मनमोहन सिंह अब हमारे बीच नहीं रहे। उन्होंने देश को नई दिशा दी। भगवान उन्हें शांति प्रदान करें। यह नियति है, लेकिन डॉ. सिंह हमेशा हमारी यादों में रहेंगे।
बता दें कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी और झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) की नेता कल्पना सोरेन के साथ दिल्ली में डॉ. मनमोहन सिंह के आवास पर गए और उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी।
दिल्ली पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने शनिवार को होने वाले पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार से पहले एक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इसमें दिल्ली के प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन की जानकारी दी गई है। लोगों से अपील की गई है कि वे कुछ सड़कों से बचें और भीड़-भाड़ कम करने के लिए सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें।
एक नजर ट्रैफिक एडवाइजरी पर
एडवाइजरी के अनुसार, 28 दिसंबर को डॉ. मनमोहन सिंह के राजकीय अंतिम संस्कार के मौके पर कई विदेशी गणमान्य व्यक्ति, वीआईपी/वीवीआईपी और आम लोग निगम बोध घाट जाएंगे। इस दौरान राजा राम कोहली मार्ग, राजघाट रेड लाइट, सिग्नेचर ब्रिज और युधिष्ठिर सेतु जैसे स्थानों पर यातायात डायवर्ट किया जाएगा। रिंग रोड, निषाद राज मार्ग, एसपीएम मार्ग, लोथियन रोड और नेताजी सुभाष मार्ग पर सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक यातायात पर प्रतिबंध और डायवर्जन लग सकता है।