Maoists Encounter in Jharkhand : झारखंड पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है. गुमला में जेजेएमपी के तीन उग्रवादी एनकाउंटर में मारे गए हैं. मुठभेड़ आज सुबह जिले के बिशनपुर थाना क्षेत्र के केचकी जंगल में हुई. मारे गए नक्सलियों की पहचान लोहरदगा के सेनहा के रहने वाले लालू लोहरा व सुजीत उरांव और लातेहार के होशिर का रहने वाला छोटू उरांव के रूप में हुई है.
झारखंड पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार मारे गए नक्सलियों में 5 लाख का इनामी छोटू भी शामिल हैं. घटनास्थल से तीन हथियार भी बरामद किए गए हैं. गुमला एसपी हारिश बिन जमां ने तीन नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि की है. बताया जा रहा है कि गुमला के बिशनपुर थाना क्षेत्र में यह मुठभेड़ हुआ है, जिसमें तीनों उग्रवादी मारे गए हैं.गुमला एसपी हारिश बिन जमां और उनकी टीम उग्रवादियों के लिए काल बनी हुई है. साल 2025 में आधा दर्जन से अधिक नक्सलियों को एनकाउंटर में मार गिराने वाली गुमला एसपी की टीम ने झारखंड जगुआर के साथ मिलकर एक बार फिर से एनकाउंटर में तीन उग्रवादियों को मार गिराया है. गुमला जिले के बिशनपुर थाना क्षेत्र के केचकी के रोगरीटोली में हुए एनकाउंटर में जेजेएमपी के तीन उग्रवादी मारे गए हैं.इनके पास से एक-एक-56 राइफल, एक एसएलआर और एक इंसास राइफल बरामद हुए हैं. सुरक्षा बलों द्वारा जंगल में सर्च अभियान चलाया जा रहा है. यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.
कौन-कौन नक्सली मारा गया
लोहरदगा का रहने वाला लालू लोहरा सब जोनल कमांडर था. लालू के पास एके 47 बरामद हुआ है. इस पर पांच लाख का इनाम भी रखा गया था.
छोटू उरांव लातेहार का रहने वाला है. इसके ऊपर भी पांच लाख का इनाम था और वह भी सब जोनल कमांडर था और सुजीत उरांव कैडर था. वह लोहरदगा का रहने वाला था.
