Mohammed Siraj : सिराज मेरे भाई,मेरी जान, तुम नहीं जानते कि तुम कितने लड़कों का सपना जी रहे हो, तुम नहीं जानते हो कि तुम्हारे जैसे लड़के हर गली में रहते है, वो लड़के जिनका घर बारिश में टपकता है, जिनका घर कुछ मेहमान आने से छोटा पड़ जाता है,जिनके पास पूंजी के नाम पर सिर्फ मा बाप की तरबियत और कुछ कर गुजरने का हौंसला होता है। पर अक्सर वो हौसला टूट जाता है,अक्सर वो लड़के बिखर जाते है,वो हार जाते है,कभी नियमों से तो कभी नियति से।पर ये हारे हुए लड़के जब तुम्हे देखेंगे न तो उन्हें एक उम्मीद नजर आएगी, उन्हें अपनी जिंदगी की बंद काली अंधेर कोठरी में एक रास्ता एक रोशनी नजर आने लगती है। क्योंकि तुम मेरे दोस्त, गॉड्स फेवरेट नहीं थे कभी, ना तो तुम्हे पैदा होते ही चांदी का चम्मच नसीब हुआ था, न हाथों में कोई अनोखा हुनर देकर भेजा था।

पर इन सब के बावजूद आज जब पूरा मुल्क तुम्हे कंधे पर उठाने को बेताब है,तो उसकी वजह सिर्फ और सिर्फ तुम्हारी मेहनत,तुम्हारा जुनून, तुम्हारे अंदर की बेचैनी है। तुम जितना जज्बा और जुनून मैदान में दिखाते हो न,वो सब कुछ बहुत बेहूदा लगता अगर तुम नतीजे नहीं दे पाते,और ऐसा कई महीनों तक हुआ भी, तुम पर सवाल उठे,मजाक भी उड़ाया गया।
पर सिराज जैसे लड़कों की एक और खासियत ये होती है कि वो जिंदगी का लोएस्ट,सबसे क्रुएल पार्ट जी चुके होते है, इतना क्रुएल कि उनके मन का डर निकल जाता है,जब खोने का डर न बचे,तो पाने का लालच भी नहीं रहता,बस रह जाता है वो जुनून जो तुम्हारे अंदर कल पूरी दुनिया ने देखा।सचिन तेंदुलकर ने एक बार पृथ्वी शॉ से कहा था कि Hardwork always beat talent, और ये बात तुमने ऐसे साबित की है कि आने वाले वक्त में कोई भी मेहनत को टैलेंट से नीचे रखने की जुर्रत नहीं करेगा।
मै जानता हू तुम जिस खेल का हिस्सा हो वहां किसी दिन कुछ भी हो सकता है, जो लोग आज तुम्हारे बहाने बुमराह से अपनी खुन्नस निकालने में लगे हुए है, वही लोग तुम्हारी एक गलती पर तुम्हे भी चीर फाड़ कर खा जाएंगे, आज नहीं कल ये दिन आयेगा,हर खिलाड़ी की जिंदगी में ये वक्त आता है,मै बस उम्मीद करूंगा कि इस खेल के चाहने वाले तब भी ये बात याद रखेंगे कि विकेट भले न मिला हो,पर मियां सिराज ने कोशिश में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी,और बस यही एक आदत की वजह से इतिहास भले ही ,तुम्हे महानतम की लिस्ट में रखे न रखे,पर सबसे मेहनती खिलाड़ी की लिस्ट तुम्हारे बिना बन ही नहीं पाएंगी,और यही मेरे दोस्त,तुम्हारे अब्बू तुम्हारे अम्मी और तुम्हारे साथ खड़े रहने वाले हर इंसान की सबसे बड़ी जीत है।
