Nasha Mukti Diwas : राज्य की राजधानी स्थित जिला मुख्यालय में बड़े धूम-धाम से अंतरराष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस मनाया गया। इस अवसर पर शहर के स्कूली बच्चों ने प्रभातफेरी निकाली। हाथों में तख्तियां और पोस्टर-बैनर लेकर छात्र-छात्राओं का दल सुबह-सुबह सड़क पर निकला। तख्तियों और पोस्टर-बैनर के जरिये आम लोगों को नशीले पदार्थों के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई।
शहर के बड़े मैदान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम का उद्घाटन राज्य के एक कबीना मंत्री ने किया। मौके पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं एवं जन-सामान्य को शराब-हंड़िया से दूर रखने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारी करेगी। उन्होंने कहा कि कानून में सिर्फ कठोर दंड का प्रावधान करने से काम नहीं चलेगा। नशा मुक्ति आंदोलन को सफल बनाने के लिए जनता को आगे आना होगा। सभा में उपस्थित लोगों को शराब-हंड़िया न पीने और अन्य कोई नशा न करने का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम के बाद मंत्री जी ने परिसदन में भोजन और विश्राम किया। उनके आप्त सचिव ने जिला आबकारी पदाधिकारी को बताया कि अगले हफ्ते मंत्री जी के यहाँ पार्टी है। दो पेटी ब्लैक डॉग व्हिस्की और एक पेटी सोडा उनकी कोठी पर पहुँचा दिया जाए। मंत्री जी के एक मित्र के लिए ‘विजया’ की व्यवस्था की गई। बड़े रईस हैं। विजया सेवन के लिए चांदी की नक्काशीदार खूबसूरत चिलम रखते हैं। मंत्री जी के ड्राइवर, बॉडी गार्ड और आप्त सचिव के लिए अलग से विदेशी मदिरा की व्यवस्था की गई। और, इस प्रकार नशा मुक्ति दिवस बड़े शानदार तरीके से संपन्न हुआ।