- आखिरी ओवर का सुपर ड्रामा, हार के मुहाने से जीत की कहानी
- फहीम अशरफ का फिनिशिंग शो, 19वें ओवर में पलटा पूरा मैच
- पाकिस्तान की जीत, लेकिन सवाल बरकरार
PAK vs NED T20 WC : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के रोमांचक आगाज़ में पाकिस्तान ने नीदरलैंड के खिलाफ ऐसा मुकाबला खेला, जिसने फैंस की धड़कनें आखिरी गेंद तक तेज रखीं। कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस ग्रुप-ए मैच में नीदरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 147 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। शुरुआत में माइकल लेविट ने शाहीन अफरीदी पर आक्रामक शॉट लगाकर तेज रन बटोरे, जिससे लगा कि डच टीम बड़ा स्कोर बना सकती है। मगर पाकिस्तानी गेंदबाजों ने बीच के ओवरों में लगातार विकेट लेकर मैच को संतुलित बनाए रखा। साइम अयूब की शानदार गेंदबाजी और सलमान मिर्जा के अहम विकेटों ने नीदरलैंड की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। खासकर 16वें और 17वें ओवर के बीच गिरे विकेटों ने मैच का रुख बदल दिया और डच टीम सिर्फ 147 रन पर सिमट गई।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम ने शुरुआत दमदार की। साइम अयूब और साहिबजादा फरहान ने तेज रन बनाते हुए स्कोरबोर्ड को तेजी से आगे बढ़ाया और 11वें ओवर तक टीम मजबूत स्थिति में दिख रही थी। लेकिन यहीं से मैच ने अचानक करवट ली। नीदरलैंड के गेंदबाजों ने शानदार वापसी करते हुए पाकिस्तान को बैकफुट पर धकेल दिया। बाबर आजम की धीमी बल्लेबाजी और लगातार गिरते विकेटों ने दबाव को और बढ़ा दिया। सिर्फ 2 रन के अंदर 3 विकेट गिरने से पाकिस्तानी खेमे में खामोशी छा गई और मैच हाथ से निकलता हुआ नजर आने लगा। 114 रन तक पहुंचते-पहुंचते टीम के 7 बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे और आखिरी दो ओवर में 29 रन की जरूरत ने मुकाबले को बेहद रोमांचक बना दिया।
19वां ओवर इस मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। फहीम अशरफ ने पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर संकेत दे दिया कि मैच अभी खत्म नहीं हुआ है। इसके बाद एक अहम कैच छूटना नीदरलैंड के लिए भारी पड़ गया। उसी ओवर में फहीम ने दो और छक्के और एक चौका लगाकर कुल 24 रन बटोर लिए, जिससे पाकिस्तान की उम्मीदें फिर से जिंदा हो गईं। आखिरी ओवर में सिर्फ 5 रन की जरूरत थी और तीसरी गेंद पर चौका लगाकर फहीम अशरफ ने टीम को जीत दिला दी। यह मुकाबला दिखाता है कि टी20 क्रिकेट में आखिरी ओवर तक कुछ भी संभव है और एक खिलाड़ी की आक्रामक सोच कैसे पूरे मैच का परिणाम बदल सकती है। पाकिस्तान ने जीत के साथ टूर्नामेंट में अपनी शुरुआत तो कर ली, लेकिन इस मैच ने उसकी कमजोरियों को भी उजागर कर दिया, खासकर मिडिल ऑर्डर की बल्लेबाजी और दबाव में टीम की रणनीति पर सवाल खड़े हुए हैं। वहीं नीदरलैंड ने भले ही मैच गंवाया हो, लेकिन उनकी गेंदबाजी और फील्डिंग ने बड़े टीमों के लिए खतरे की घंटी जरूर बजा दी है। कुल मिलाकर यह मुकाबला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का ऐसा ओपनर बन गया, जिसे फैंस लंबे समय तक याद रखेंगे।
