PM Modi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को ब्राजील से आतंकवाद और इसका समर्थन करने वालों पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने पाकिस्तान और उसके सदाबहार मित्र चीन की ओर बिना नाम लिए इशारा करते हुए कहा कि आतंकवाद पर दोहरे मानदंड के लिए कोई जगह नहीं है. पीएम मोदी ने ब्राजील के राष्ट्रपति लुईस इनासियो लूला डी सिल्वा के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत के बाद एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि आतंकवाद को कतई बर्दाश्त न करने और इसे लेकर दोहरा मानदंड न अपनाए जाने की नीति को लेकर हमारी सोच एक जैसी है.
उन्होंने किसी देश का नाम लिए बिना कहा कि भारत और ब्राजील आतंकवाद और उसका समर्थन करने वालों का कड़ा विरोध करते हैं. भारत पाकिस्तान को ‘आतंकवाद का वैश्विक केंद्र’ बता चुका है.
पाकिस्तान के मित्र चीन पर साधा निशाना
पीएम मोदी ने पाकिस्तान के सदाबहार मित्र चीन की ओर परोक्ष रूप से इशारा करते हुए कहा कि आतंकवाद के मामले में दोहरे मानदंड के लिए कोई स्थान नहीं है. उन्होंने अप्रैल में पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद राष्ट्रपति लूला की एकजुटता और समर्थन के लिए उनका आभार जताया.
140 करोड़ भारतीयों के लिए गर्व की बात
वहीं ब्राजील का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रैंड कॉलर ऑफ द नेशनल ऑर्डर ऑफ द सदर्न क्रॉस’ से सम्मानित किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैं अपने मित्र राष्ट्रपति लूला को रियो और ब्रासीलिया में हमारे गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं. राष्ट्रपति का मुझे ब्राजील का सर्वोच्च सम्मान प्रदान करना न केवल मेरे लिए बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के लिए गर्व की बात है.
बता दें कि यह सम्मान उन विदेशी गणमान्य व्यक्तियों को दिया जाता है, जिन्होंने ब्राजील और उनके देश के बीच संबंधों को मजबूत किया हो. भारत-ब्राजील संबंधों के लिए यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है. पीएम मोदी और ब्राजील के राष्ट्रपति लुइस इनासियो लूला डा सिल्वा के बीच मंगलवार को ब्रासीलिया में हुई द्विपक्षीय वार्ता हुई. इस दौरान दोनों देशों में 6 बड़े समझौते हुए.
5 साल में भारत-ब्राजील का व्यापार दोगुना
द्विपक्षीय वार्ता के दौरान भारत और ब्राजील ने अगले पांच वर्षों में अपने व्यापार को दोगुना कर 20 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है. इस दौरान ऊर्जा, कृषि, डिजिटल तकनीक, आतंकवाद विरोधी सहयोग सहित छह प्रमुख समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए. प्रधानमंत्री मोदी ने स्पष्ट किया कि आतंकवाद के प्रति भारत और ब्राजील की सोच एक जैसी है. उन्होंने कहा, “आतंकवाद के लिए कोई सहानुभूति नहीं होनी चाहिए और न ही कोई दोहरा मापदंड.” दोनों देशों ने आतंकवाद और संगठित अपराध से निपटने, गोपनीय जानकारी साझा करने, और डिजिटल नवाचार जैसे क्षेत्रों में सहयोग पर सहमति जताई.
ब्राजील में भी चलेगा भारत का यूपीआई
पीएम मोदी ने कहा कि ब्राजील में भारत के यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) को लागू करने के साथ ही साथ कृषि अनुसंधान, आयुर्वेद के प्रचार, और अंतरिक्ष, AI, सुपरकंप्यूटिंग जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाया जाएगा. उन्होंने दोनों देशों के संबंधों को कार्निवल की रंगीनता, फुटबॉल की ऊर्जा और सांबा की सामूहिकता से जोड़ते हुए कहा, “हम वीजा प्रक्रियाएं आसान बनाकर आपसी संपर्क को बढ़ावा देंगे.”
भारत ने ब्रिक्स में उठाई ग्लोबल साउथ की आवाज
भारत ने हमेशा की तरह ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भी ग्लोबल साउथ की आवाज को बुलंद किया. दुनिया की आबादी के बड़े हिस्से का प्रतिनिधित्व करने वाले ग्लोबल साउथ को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर इग्नोर किए जाने पर पीएम मोदी ने निराशा जाहिर की. उन्होंने कहा कि ग्लोबल साउथ के बिना दुनिया बिना नेटवर्क वाले मोबाइल सिम जैसी है. पीएम मोदी ने भारत-ब्राजील साझेदारी को वैश्विक स्थिरता और संतुलन का आधार बताया और कहा कि विवादों का समाधान संवाद और कूटनीति के ज़रिए होना चाहिए.
प्रधानमंत्री ने BRICS शिखर सम्मेलन में भाग लेने के बाद ब्रासीलिया की यात्रा की. उन्होंने राष्ट्रपति लूला के साथ अपनी बातचीत को “उपयोगी” बताया और कहा कि वैश्विक मंचों पर भारत-ब्राजील समन्वय ‘ग्लोबल साउथ’ की आवाज़ को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रहा है.
उन्होंने बताया कि दोनों नेताओं ने महत्वपूर्ण खनिजों, नयी और उभरती प्रौद्योगिकियों, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और सुपर कंप्यूटर, डिजिटल सहयोग और गतिशीलता के नए क्षेत्रों में सहयोग के अवसर तलाशे. जायसवाल ने बताया कि दोनों नेताओं ने अगले पांच वर्षों में 20 अरब अमेरिकी डॉलर का द्विपक्षीय व्यापार लक्ष्य निर्धारित किया. बातचीत के बाद, दोनों पक्षों ने कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए समझौतों पर हस्ताक्षर किए.
114 घोड़ों की अनूठी परेड से स्वागत
रियो डी जेनेरियो में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के बाद राजकीय यात्रा पर यहां पहुंचे पीएम मोदी ने कहा कि ब्राजील की उनकी यात्रा द्विपक्षीय संबंधों को गति प्रदान करेगी. इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी का ब्रासीलिया के अल्वोराडा पैलेस में 114 घोड़ों की एक अनूठी परेड के साथ भव्य औपचारिक स्वागत किया गया. उन्होंने अपने स्वागत के दौरान एक भारतीय शास्त्रीय भजन प्रस्तुति भी देखी.
