PM Modi In Siwan : लगभग दस किलोमीटर दूर से ही गाड़ियों का जाम लग गया है। लोग पैदल ही रेला लगा दिए हैं। सजे सँवरे लोग, स्त्रियां भी… गोपालगंज, सिवान, छपरा… तीन जिलों में सड़कें लगभग सूनी पड़ी हैं, बाजार खाली हैं, चौराहों पर भीड़ नहीं है। सारी गाड़ियां, बसें अधिकांश लोगों को लेकर मोदीजी की जनसभा के लिए निकल गई हैं। कार्यक्रम स्थल पर अभूतपूर्व भीड़ है…
इसमें कोई संदेह नहीं कि पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। वैसे यह बुरा भी नहीं, चुनाव इसी तेवर के साथ लड़ा जाना चाहिये। लोकतंत्र में रहना है तो आप चलन के विपरीत नहीं जा सकते…
एक दर्जन केंद्रीय मंत्री, राज्यपाल, उपमुख्यमंत्री, स्वयं मुख्यमंत्री भी… जिला स्तर के नेताओं की तो पूछिये ही मत! जैसे पूरा राज्य आज एक जगह इकट्ठा है… पीएम आ रहे हैं भाई!
इस राज्य में पिछले बीस वर्षों से सत्ता एक ही व्यक्ति के हाथ में है। वह हार कर भी नहीं हारता, उसके आगे राजनीति के सारे गुणा-गणित, सारे नियम-प्रमेय फेल हैं। फिर भी, एन्टी इनकम्बेंसी तो नहीं है। हाँ एक उदासीनता है। फिर भी, कई लाख की भीड़? यह कितनी बड़ी बात है, इसे केवल बिहार वाले समझते हैं। राजनीति की समझ रखने वाले बिहारी…
जिस जगह पर सभा है, उसके पचास किलोमीटर के वृत में दो दर्जन फैक्ट्रियों के खंडहर हैं जो लालू राज्य में बन्द हो गयी थीं। उनके शुरू होने की उम्मीद इस सरकार में समाप्त हुई है। साहब से उम्मीदें तो हैं, पर…
पीएम आ गए। वही चिर परिचित चमक, वही जोश, वही तेवर… का हाल बा? रउआ लोगन के प्रणाम करतानी! आवाज पहुँचती तो कहते- ठीक तो नहीं है साहब! पर आपके नाम पर सब स्वीकार है…
वे दो दर्जन परियोजनाओं की बात करते हैं। दस हजार करोड़ की योजनाएं… तिरपन हजार गरीब लोगों के लिए पीएम आवास योजना की क़िस्त… साढ़े छह हजार शहरी गरीबों के लिए घर… सीवेज, जल नल, नई ट्रेन… नई रेल परियोजना भी है… वगैरह वगैरह… अनुदान में कोई कमी नहीं। खूब खाओ अनुदान! हम हैं न जी…
वे हम बिहारियों के मेहनत की बड़ाई करते हैं। हालांकि बिहारी बिहार में ही मेहनत करें इसकी कोई योजना नहीं… इस बार भी किसी एक्सप्रेसवे की बात नहीं हुई… हाँ हम बिहारियों के स्वाभिमान की भी बड़ाई की उन्होंने…
उम्मीद से अधिक भीड़ रही। रैली पूर्णतः सफल है। कहने वाले कुछ भी कहते रहें, उनके जनाधार पर कोई असर नहीं पड़ा है। वे सफल हैं, सफलतम हैं…
सरकार के विरोधी कह रहे हैं कि सरकारी मशीनरी लगा दी गयी है। आंगनबाड़ी सेविका, आशा कार्यकर्ती, जीविका दीदी लोग, रसोइया मजदूर… पर बिहार के लिए यह कोई नई बात तो नहीं? ऐसा सबने किया है। यह होता रहा है, यह होता रहेगा…
जय हो। जय बिहार…
PM Modi In Siwan : पीएम आ रहे हैं भाई!

Leave a Comment
Leave a Comment