Rahul Gandhi : कांग्रेस के नेता राहुल गांधी लगातार वोट चोरी का मुद्दा उठा रहे हैं. वोट चोरी को लेकर वो बीजेपी को घेरने का काम कर रहे हैं. इसी बीच लोकसभा में विपक्ष के नेता गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. कयास लगाए जा रहे हैं कि इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में वो वोट चोरी के मुद्दे को लेकर हाइड्रोजन बम फोड़ सकते हैं. दरअसल, पटना में वोट चोरी को लेकर राहुल गांधी ने कहा था कि अब हम हाइड्रोजन बम लेकर आरहे हैं. हालांकि, अभी यह साफ नहीं हुआ है कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में वो किस मुद्दे पर बात करेंगे.
राहुल गांधी ने बिहार के पटना में 1 सितंबर को अपनी वोटर अधिकार यात्रा के समापन कार्यक्रम में कहा था कि उनकी पार्टी जल्द ही वोट चोरी पर हाइड्रोजन बम फोड़ेगी. इससे पहले उन्होंने वोट चोरी पर एटम बम गिराया था. साथ ही उन्होंने हाइड्रोजन बम फोड़े जाने को लेकर कहा था कि इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश का सामना नहीं कर पाएंगे.
कब करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस?
कांग्रेस के मीडिया और प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया पर इस बात की जानकारी दी कि राहुल गांधी गुरुवार को सुबह 10 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. पार्टी ने बताया कि सम्मेलन सुबह 10 बजे राष्ट्रीय राजधानी के इंदिरा भवन सभागार में आयोजित किया जाएगा।
राहुल गांधी की आखिरी प्रेस कॉन्फ्रेंस 7 अगस्त को हुई थी. इसमें उन्होंने कर्नाटक की एक लोकसभा सीट के 2024 आम चुनाव के आंकड़ों का विश्लेषण पेश करते हुए वोट चोरी का आरोप लगाया था. उन्होंने आरोप लगाया था कि चुनाव आयोग, बीजेपी के साथ मिलकर वोट चोरी कर रहा है. उन्होंने इसे संविधान के खिलाफ अपराध बताया था.
हाइड्रोजन बम को लेकर क्या कहा था?
बिहार चुनाव में लगातार राहुल गांधी वोट चोरी का मुद्दा उठाते दिखाई दे रहे हैं. बिहार में राहुल गांधी ने कहा था कि वोट चोरी का मतलब अधिकार की चोरी, आरक्षण की चोरी, रोजगार की चोरी, शिक्षा की चोरी, लोकतंत्र की चोरी, युवाओं के भविष्य की चोरी है. यह आपकी जमीन, आपका राशन कार्ड लेकर अडाणी-अंबानी को दे देंगे. महात्मा गांधी की हत्या करने वाली शक्ति संविधान की हत्या करने की कोशिश कर रहे हैं. हम इन्हें संविधान की हत्या नहीं करने देंगे.
उन्होंने कहा था कि हमने बिहार की यात्रा की. बिहार के सारे के सारे युवा खड़े हो गए, छोटे-छोटे बच्चे जीप के पास आते थे, कहते थे वोट चोर, गद्दी छोड़. बीच में बीजेपी के लोग काले झंडे दिखाते थे. आपने एटम बम का नाम सुना है? एटम बम से बड़ा हाइड्रोजन बम होता है. बीजेपी के लोगों तैयार हो जाओ, हाइड्रोजन बम आ रहा है. पूरे देश को आपकी सच्चाई पता लगने वाली है. हाइड्रोजन बम के बाद पीएम नरेंद्र माेदी अपना चेहरा देश को नहीं दिखा सकेंगे.
