Ramnath Goenka Award 2023 : झारखंड के पत्रकार अमरनाथ कश्यप ‘रामनाथ गोयनका पुरस्कार से सम्मानित

Bindash Bol

Ramnath Goenka Award 2023 : पत्रकारिता के क्षेत्र में देश के सबसे प्रतिष्ठित सम्मान रामनाथ गोयनका 2023 के विजेताओं को बुधवार को दिल्ली में सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विजेताओं को पुरस्कार दिए। इस समारोह का आयोजन नई दिल्ली में हुआ। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए लोकतंत्र को बनाए रखने में स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता की भूमिका के बारे में बात की। उन्होंने The Indian Express के संस्थापक रामनाथ गोयनका को श्रद्धांजलि दी और प्रेस की आजादी और सार्वजनिक सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की तारीफ की, विशेषकर आपातकाल के दौरान।

राष्ट्रपति ने राष्ट्र सेवा के प्रति रामनाथ गोयनका के अटूट समर्पण को भी याद किया। उन्होंने कहा कि The Indian Express अखबार ने आपातकाल के दौरान झुकने से इनकार कर दिया था। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि रामनाथ गोयनका ने जो नियम और मानक स्थापित किए, वे उन्होंने निश्चित तौर पर आजादी के आंदोलन से सीखे थे।

गुमला जिले के लिए गर्व का क्षण, जब दैनिक हिंदुस्तान के ब्यूरो चीफ अमरनाथ कश्यप और शाहब अली को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रामनाथ गोयनका उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित किया। यह पुरस्कार साहस और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए दिया जाता है, जिसे भारतीय मीडिया का सबसे प्रतिष्ठित सम्मान माना जाता है।

पत्रकारिता में उत्कृष्टता का सम्मान

रामनाथ गोयनका पुरस्कार उन पत्रकारों को दिया जाता है जो साहस, प्रतिबद्धता और निष्पक्ष पत्रकारिता के उच्चतम मानकों को बनाए रखते हैं। यह सम्मान प्रिंट, डिजिटल और प्रसारण पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पत्रकारों को हर वर्ष प्रदान किया जाता है। भारतीय मीडिया जगत में यह पुरस्कार सबसे प्रतिष्ठित वार्षिक सम्मान माना जाता है।

Share This Article
Leave a Comment