Ranchi : राजधानी रांची के एसएसपी चंदन सिन्हा को हटाकर राकेश रंजन को नया एसएसपी नियुक्त कर दिया गया है। हेमंत सरकार ने राज्य पुलिस के डीजीपी पद पर पदस्थापित अनुराग गुप्ता को सीआईडी और एसीबी के प्रभार से मुक्त कर दिया है, वहीं चाईबासा एसपी के पद पर पदस्थापित राकेश रंजन को रांची का नया एसएसपी बनाया है. जारी अधिसूचना के मुताबिक वायरलेस डीजी प्रशांत सिंह को डीजी मुख्यालय का प्रभार दिया गया है, जबकि जैप एडीजी के पद पर पदस्थापित प्रिया दुबे को एसीबी का एडीजी बनाया गया है।इससे संबंधित अधिसूचना जारी कर दी गई है।रांची आईजी मनोज कौशिक आईजी सीआईडी के प्रभार में रहेंगे।बोकारो आईजी के पद पर पदस्थापित क्रांति कुमार गडीदेशी आईजी मानवाधिकार बनाया गया है ।नरेंद्र कुमार सिंह को आईजी निगरानी सह सुरक्षा झारखंड विद्युत बोर्ड के पद पर स्थापित किया गया।
राकेश रंजन ने रांची के नए SSP का पदभार किया ग्रहण
2017 बैच के आईपीएस अधिकारी राकेश रंजन ने शुक्रवार को रांची के 74वें वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) का कार्यभार संभाल लिया है। रांची के निवर्तमान डीआईजी सह एसएसपी चंदन सिन्हा ने उन्हें पदभार सौंपा और नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी।
पदभार ग्रहण करने के बाद राकेश रंजन ने कहा कि चंदन सिन्हा सर के नेतृत्व में रांची पुलिस ने बेहतर कार्य किया है। इसी को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि रांची जैसी राजधानी में काम करना एक बड़ी चुनौती है और वे इस चुनौती को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने बताया कि सरकार ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसे वे पूरी निष्ठा और लगन के साथ निभाएंगे।
अपराध नियंत्रण और ट्रैफिक पर रहेगा विशेष जोर
नए एसएसपी ने अपराध नियंत्रण को अपनी पहली प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि राजधानी में छोटे से छोटे और बड़े से बड़े सभी आपराधिक मामलों पर लगाम कसना बेहद जरूरी है। इसके लिए सभी थानेदारों को विशेष टास्क दिए जाएंगे ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
इसके साथ ही, उन्होंने ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए हर संभव कोशिश की जाएगी, ताकि लोगों को जाम से राहत मिल सके।
जनता के लिए 24 घंटे उपलब्ध
राकेश रंजन ने रांची की जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे 24 घंटे उनके लिए उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि उनका मोबाइल फोन हमेशा ऑन रहता है, और कोई भी व्यक्ति किसी भी समय उनसे सीधे संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकता है।
उन्होंने जनता से बेहतर पुलिसिंग में सहयोग करने की अपील भी की। एसएसपी ने यह भी कहा कि रांची पुलिस ने जो अच्छे काम किए हैं, उन्हें आगे बढ़ाने का काम जारी रहेगा। उनका एकमात्र लक्ष्य जनता को सुरक्षित और बेहतर पुलिसिंग का अनुभव देना है।
कौन कहां गया
* वायरलेस डीजी प्रशांत सिंह को डीजी मुख्यालय का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है.
* आईपीएस सुमन गुप्ता को रेल एडीजी बनाया गया.
* आईपीएस प्रिया दुबे को एसीबी का एडीजी बनाया गया.
* रांची आईजी मनोज कौशिक आईजी सीआईडी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया.
* बोकारो आईजी के पद पर पदस्थापित क्रांति कुमार गढ़देशी आईजी मानवाधिकार बनाया गया.
* नरेंद्र कुमार सिंह को आईजी निगरानी सह सुरक्षा झारखंड विद्युत बोर्ड के पद पर स्थापित किया गया.
* दुमका आईजी शैलेंद्र सिन्हा को पलामू आईजी बनाया गया.
* सीआईडी आईजी के पद पर पदस्थापित सुदर्शन मंडल को आईजी मुख्यालय के पद पर पदस्थापित किया गया और वह जेल आईजी के प्रभार में रहेंगे.
* सुनील भास्कर को बोकारो जोनल आईजी बनाया गया.
* आईजी प्रोविजन पटेल मयूर कन्हैयालाल को दुमका जोनल आईजी का प्रभार दिया गया.
* सीआईडी डीआईजी के पद पर पदस्थापित संजीव कुमार को डीआईजी, एसआईबी बनाया गया.
* चाईबासा एसपी राकेश रंजन को रांची का नया एसएसपी बनाया गया.
* शैलेंद्र प्रसाद बरनवाल को डीआईजी एसआईबी बनाया गया.
* चौथे मनोज रतन को डीआईजी स्पेशल ब्रांच बनाया गया.
* पलामू डीआईजी नौशाद आलम अंसारी को पुलिस मुख्यालय में योगदान देने का निर्देश.
* देवघर एसपी अजीत पीटर डुंगडुंग को अगले आदेश तक संयुक्त निदेशक झारखंड पुलिस अकादमी हजारीबाग के पद पर पदस्थापित किया गया.
* रांची एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा को एसीबी डीआईजी बनाया गया.
* आईपीएस अरविंद कुमार सिंह को एसपी स्पेशल ब्रांच बनाया गया.
* एहतेशाम वकारिब को सीआईडी एसपी बनाया गया.
* अमित रेनू को चाईबासा एसपी बनाया गया.
* श्री सौरभ को देवघर एसपी बनाया गया.
* रांची सिटी एसपी अजीत कुमार को रेल एसपी जमशेदपुर बनाया गया.
* दीपक कुमार पांडे को एसपी स्पेशल ब्रांच बनाया गया.
* अनिमेष नैथानी को एसीबी का एसपी बनाया गया.
* रांची के ट्रैफिक एसपी कैलाश करमाली को रेल एसपी धनबाद बनाया गया.
* मनोज स्वर्गियारी जैप तीन गोविंदपुर कमांडेंट बनाया गया.
* मूमल राजपुरोहित को जैप आठ का कमांडेंट बनाया गया.
* आईपीएस पारस राणा को सिटी एसपी रांची बनाया गया और उन्हें जैप 10 का अतिरिक्त प्रभार दिया गया.
* राकेश सिंह को ट्रैफिक एसपी रांची बनाया गया और साथ ही उन्हें वायरलेस एसपी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया.
