Rashtrapati Bhavan : राष्ट्रपति भवन में पहली शादी! कौन हैं पूनम गुप्ता?

Bindash Bol

Rashtrapati Bhavan : देश के गौरवशाली राष्ट्रपति भवन में पहली बार एक विवाह समारोह आयोजित होने जा रहा है। CRPF असिस्टेंट कमांडेंट पूनम गुप्ता की शादी का गवाह देश का राष्ट्रपति भवन बनने जा रहा है। पूनम गुप्ता वर्तमान में राष्ट्रपति भवन में पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर ( PSO) के रूप में तैनात हैं। वह CRPF अफसर अवनीश कुमार संग 12 फरवरी 2025 को सात फेरे लेंगी। यह यादगार आयोजन मदर टेरेसा क्राउन कॉम्प्लेक्स में होगा। यहां दोनों के परिजन ही शामिल होंगे।

राष्ट्रपति भवन पहली बार बनेगा शादी का साक्षी

अब तक राष्ट्रपति भवन में केवल महत्वपूर्ण सरकारी कार्यक्रम और अंतरराष्ट्रीय मेहमानों का स्वागत होता रहा है। लेकिन राष्ट्रपति भवन में शादी की यह ऐतिहासिक अनुमति राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दी। राष्ट्रपति ने अपने पीएसओ पूनम गुप्ता की अनुशासनप्रियता और कर्तव्यनिष्ठा को सम्मान देने के रूप में यह निर्णय लिया।

दरअसल, भारत के राष्ट्रपति का आधिकारिक निवास, राष्ट्रपति भवन देश की सबसे प्रतिष्ठित आर्किटेक्चरल लैंडमार्क्स में शामिल है। सर एडविन लुटियंस द्वारा डिज़ाइन किए गए इस विशाल परिसर का कुल क्षेत्रफल 300 एकड़ है। मुख्य भवन 200,000 वर्ग फीट में फैला हुआ है, जिसमें 340 कमरे हैं। यह दुनिया में किसी भी राष्ट्राध्यक्ष का दूसरा सबसे बड़ा निवास है, पहले स्थान पर इटली का क्विरीनल पैलेस आता है।

पूनम गुप्ता नक्सल क्षेत्र में भी कर चुकी हैं काम

CRPF अफसर पूनम गुप्ता का नाम तब राष्ट्रीय सुर्खियों में आया जब उन्होंने 74वें गणतंत्र दिवस पर ऑल-वुमेन कॉन्टिन्जेंट का नेतृत्व किया था। इससे पहले वे बिहार के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में तैनात रह चुकी हैं।

पूनम ने जीवाजी विश्वविद्यालय ग्वालियर से गणित में स्नातक, अंग्रेज़ी साहित्य में परास्नातक किया है। उन्होंने बी.एड. (B.Ed.) की डिग्री भी हासिल की है। 2018 में UPSC CAPF परीक्ष में 81वीं रैंक हासिल कर उन्होंने CRPF में असिस्टेंट कमांडेंट के रूप में अपनी सेवा शुरू की थी।

कौन हैं पूनम गुप्ता के जीवनसाथी?

पूनम गुप्ता के मंगेतर अवनीश कुमार भी CRPF असिस्टेंट कमांडेंट हैं। इस समय वह जम्मू-कश्मीर में तैनात हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दी विशेष स्वीकृति

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्वयं राष्ट्रपति भवन में शादी की अनुमति दी। पहली बार राष्ट्रपति भवन में ऐसा आयोजन होने जा रहा है।

सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं पूनम गुप्ता?

पूनम गुप्ता सोशल मीडिया, खासकर इंस्टाग्राम पर काफ़ी सक्रिय हैं। वे अक्सर अपने कार्यक्षेत्र की झलकियां और मोटिवेशनल पोस्ट साझा करती हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या उन्हें राष्ट्रपति भवन में शादी की फोटो सार्वजनिक करने की अनुमति मिलेगी या नहीं।

Share This Article
Leave a Comment