- मुंबई से लेकर रांची तक… 12 से ज्यादा लोकेशन पर रेड, 8 संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार
Terrorist arrested in ranchi : रांची के तबारक लॉज से आईएसआईएस के एक आतंकी को हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया है. दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल और झारखंड एटीएस की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता हासिल हुई है. अशहर दानिश नाम का यह आतंकी लॉज में काफी दिनों से अपना ठिकाना बनाए हुए था. अशहर झारखंड का ही रहने वाला है. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल आतंकी को गिरफ्तार कर अपने साथ रिमांड पर दिल्ली ले जाएगी.
लोअर बाजार थाना क्षेत्र में रह रहा था आतंकी
गिरफ्तार आतंकी रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र के इस्लामनगर स्थित तबरक लॉज में कमरा लेकर रह रहा था. दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल को इस आतंकी के बारे में जानकारी मिली थी. जिसके बाद झारखंड एटीएस के साथ समन्वय स्थापित कर लॉज में छापेमारी की गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया. एटीएस और दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने लॉज से कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए हैं.
कमरे से केमिकल बरामद
दिल्ली पुलिस के स्पेसल सेल को लॉज के कमरे की जांच के दौरान कई आपत्तिजनक चीजे बरामद हुई है. स्पेशल सेल के द्वारा कुछ केमिकल, आपत्तिजनक दस्तावेज और नक्शे आदि बरामद किए गए हैं. झारखंड एटीएस के एसपी ऋषभ झा ने बताया कि दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल को मिले इनपुट पर यह रेड की गई है. जो भी दस्तावेज बरामद हुई है, जांच के बाद उसके बारे में जानकारी दी जाएगी.
सुबह दो बजे से ही शुरू हो गई थी कार्रवाई
रांची के पथलकुदवा स्थित इस्लामनगर के तबरक लॉज में एक आतंकी के हथियार के साथ पनाह लेने की सूचना पर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल झारखंड पुलिस से संपर्क स्थापित कर मंगलवार की रात ही रांची पहुच चुकी थी. रात में ही झारखंड एटीएस और रांची पुलिस का संयुक्त प्लान बना और रात से ही सस्पेक्ट पर नजर रखी जाने लगी. इस दौरान बुधवार सुबह दो बजे झारखंड एटीएस, रांची पुलिस और दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल के लगभग 200 अफसरों और जवानों ने तबरक लॉज को घेर लिया. पूरी सुरक्षा के साथ अशहर दानिश का कमरा खुलवाया गया और फिर उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
लॉज में बोकारो का दिया है एड्रेस
अशहर दानिश ने लॉज में कमरा लेने से पहले एक फॉर्म भरा था, जिसमें उन्होंने अपना पता बोकारो के पेटरवार का दिया था. दानिश ने अपना आधार नंबर के साथ-साथ अपना मोबाइल नंबर भी दर्ज करवाया था. दानिश के पिता का नाम मजरुल हसन है.
इधर, पलामू के जपला से भी एक संदिग्ध आतंकी को हिरासत में लिया गया है. संदिग्ध को फिलहाल हुसैनाबाद थाना में रखा गया है. जहां एटीएस की टीम पूछताछ कर रही है. पूछताछ में संदिग्ध आतंकी ने कई बातों का खुलासा किया है. साथ ही कई अहम जानकारी दी है.
12 से ज्यादा लोकेशन पर रेड, 8 संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने एक ISIS आतंकवादी को गिरफ्तार किया है, जिसके बाद देशभर में 12 से ज्यादा स्थानों पर छापेमारी की गई है. देश भर से आठ से ज़्यादा संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है. मुख्य आरोपी आफताब मुंबई का रहने वाला है. रांची में भी एक संदिग्ध आतंकवादी, असहर दानिश, गिरफ्तार किया गया है. दिल्ली पुलिस, झारखंड ATS, और रांची पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यह गिरफ्तारी हुई है. फिलहाल गिरफ्तार किए गए सभी संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है.
देश भर के अलग-अलग राज्यों में 12 से ज्यादा ठिकानों पर स्पेशल सेल और सेंट्रल एजेंसियों की तरफ से रेड मारी गई है. इस दौरान टीम ने अलग-अलग ठिकानों से कुल 8 संदिग्ध आतंकियों को हिरासत में लिया है. इस पूरे मामले में दिल्ली स्पेशल सेल का कहना है कि पूरे मामले में अभी जांच और पूछताछ की जा रही है.
