Trump-Zelenski meeting : जल्द होगी पुतिन और जेलेंस्‍की के बीच बैठक : ट्रंप

Bindash Bol

ट्रंप ने बनाई त्रिपक्षीय बैठक की योजना

Trump-Zelenski meeting : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्होंने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्‍की और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच द्विपक्षीय शांति वार्ता की तैयारी शुरू कर दी है और जिसके बाद वह खुद भी इसमें शामिल होंगे और त्रि-पक्षीय वार्ता होगी. व्हाइट हाउस में जेलेंस्की और यूरोपीय नेताओं की मेजबानी के बाद ट्रंप ने कहा, “बैठकों के समापन पर मैंने राष्ट्रपति पुतिन को फोन किया और राष्ट्रपति पुतिन और राष्ट्रपति जेलेंस्की के बीच एक निर्धारित स्थान पर बैठक की व्यवस्था शुरू कर दी.” साथ ही कहा, “उस बैठक के बाद, हम एक त्रि-स्तरीय बैठक करेंगे, जिसमें दोनों राष्ट्रपति और मैं शामिल होंगे.” उधर, यूक्रेन के राष्‍ट्रपति वोलोदिमर जेलेंस्‍की ने कहा कि वे युद्ध को समाप्‍त करने के लिए पुतिन के साथ द्विपक्षीय वार्ता के लिए तैयार हैं.

रिपोर्ट के मुताबिक यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की और यूरोपीय नेताओं के साथ चल रही हाई लेवल मीटिंग को बीच में रोककर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को फोन लगाया. इस दौरान ट्रंप ने पुतिन से करीब 40 मिनट तक बातचीत की. क्रेमलिन ने इसकी जानकारी दी है. इस बातचीत के दौरान ट्रंप ने अगली बैठक की रूपरेख तैयार की और त्रिपक्षीय मीटिंग की योजना बनाई.

जल्द होगी जेलेंस्की और पुतिन की मुलाकात

इसके मुताबिक, जेलेंस्की और पुतिन पहले आमने-सामने मिलेंगे फिर ट्रंप की मौजूदगी में एक त्रिपक्षीय बैठक होगी. अगस्त के अंत तक पुतिन और जेलेंस्की की मुलाकात संभव है. जेलेंस्की और यूरोपीय नेताओं के साथ बैठक के बाद ट्रंप ने कहा कि मैंने राष्ट्रपति पुतिन को फोन किया और जल्द ही राष्ट्रपति पुतिन और राष्ट्रपति जेलेंस्की के बीच एक मुलाकात होगी. इसके बाद त्रिपक्षीय बैठक होगी, जिसमें दोनों राष्ट्रपति और मैं शामिल रहूंगा.

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि राष्ट्रपति पुतिन भी वाकई कुछ करना चाहते हैं. जब हम मिलेंगे, तो मुझे लगता है कि आपको कुछ वाकई सकारात्मक कदम देखने को मिलेंगे. आज की बैठक के बाद हम इसकी रूपरेखा तैयार करेंगे.

यूक्रेन की सुरक्षा US-यूरोपीय देशों पर- जेलेंस्की

वहीं, यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप के साथ हमारी बातचीत बहुत अच्छी रही, लेकिन सबसे अच्छा अभी बाकी है. हमने बहुत ही संवेदनशील मुद्दों पर बात की, जिनमें से पहला सुरक्षा गारंटी का था. यूक्रेन की सुरक्षा अमेरिका और यूरोपीय देशों पर निर्भर करती है. त्रिपक्षीय बैठक में सभी संवेदनशील मुद्दों और बाकी सभी बातों पर चर्चा की जाएगी. ट्रंप इस बैठक को आयोजित करने का प्रयास करेंगे.

जंग पर फैसला दो हफ्तों में हो जाएगा- ट्रंप

ट्रंप ने कहा कि रूस यूक्रेन की जंग जारी रहेगी या शांति आएगी, इसका फैसला दो हफ्ते में हो जाएगा. उन्होंने कहा कि युद्ध खत्म करने के लिए सीजफायर की जरूरत नहीं है. सीजफायर सिर्फ अस्थायी समाधान है. हम दीर्घकालिक शांति समझौते पर बात कर रहे हैं. युद्धविराम से ज्यादा अहम शांति संधि है. मेरी प्राथमिकता लोगों को बचाना है. उम्मीद है कि बैठक से कुछ निकलेगा.

इससे पहले, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से व्‍हाइट हाउस में मुलाकात के बाद जेलेंस्‍की ने कहा कि ये आखिरी मुलाकात नहीं है. इस मुद्दे पर आगे भी सकारात्मक बातचीत होगी. जेलेंस्‍की के साथ कई यूरोपियन नेता भी व्हाइट हाउस पहुंचे. उनके साथ नाटो महासचिव मार्क रूट, यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन, ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टारमर, फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी और फिनिश राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब भी मौजूद रहे.

Share This Article
Leave a Comment