UPSC Topper: प्रयागराज की शक्ति दुबे ने सिविल सेवा परीक्षा में पहले स्थान पर आकर नया इतिहास रच दिया है। उन्होंने हमेशा आईएएस अधिकारी बनने का सपना देखा था, लेकिन शायद ही उन्होंने कभी सोचा होगा कि वह देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा में टॉप करेंगी। अब उनकी सफलता की कहानी भी सामने आ रही है। इस बीच, संघ लोक सेवा आयोग ने शक्ति दुबे की मार्कशीट जारी की है।
शक्ति दुबे की मार्कशीट देख रह जाएंगे दंग
शक्ति दुबे को सिविल सेवा परीक्षा में कुल 51.5 प्रतिशत अंक मिले हैं। उन्हें कुल 1043 अंक प्राप्त हुए, जिसमें से 843 अंक लिखित परीक्षा से और 200 अंक साक्षात्कार से आए हैं। ध्यान दें कि आईएएस की मेरिट 2025 अंकों से तय होती है, जिसमें लिखित और मुख्य परीक्षा के लिए 1750 अंक निर्धारित होते हैं जबकि साक्षात्कार के लिए 275 अंक होते हैं। शक्ति दुबे ने 2025 में से 1043 अंक प्राप्त करके परीक्षा में प्रथम स्थान हासिल किया है।
गौरतलब है कि शक्ति दुबे ने अपनी स्कूली शिक्षा प्रयागराज में पूरी की। इसके बाद, उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री प्राप्त की। इसके बाद, 2018 में उन्होंने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) से बायोकेमिस्ट्री में स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की। शक्ति दुबे ने यह भी बताया कि वह 2018 से सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रही थीं और उन्होंने वैकल्पिक विषय के रूप में राजनीति विज्ञान और अंतरराष्ट्रीय संबंध चुने थे।