Varanasi : उत्तर प्रदेश के वाराणसी के भोजूबीर स्थित उदय प्रताप कॉलेज (यूपी कॉलेज) में शुक्रवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब कैंपस के अंदर दिनदहाड़े एक छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
मृतक की पहचान बीएससी छात्र सूर्य प्रताप सिंह उर्फ सूर्या के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दो छात्रों के बीच हुए विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि मनजीत चौहान नामक छात्र ने गुस्से में पिस्टल निकाली और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह पूरी वारदात कॉलेज के प्रिंसिपल के सामने हुई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। गोली लगते ही छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई। गुस्साए छात्रों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालात बिगड़ते देख मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है और आरोपी की तलाश जारी है।
कौन था सूर्य प्रताप?
छात्र सूर्य प्रताप सिंह मूल रूप से गाजीपुर जिले का रहने वाला था। वह उदय प्रताप कॉलेज में बीएससी चौथे सेमेस्टर का छात्र था। वाराणसी में हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। उसके दोस्तों और परिचितों का कहना है कि सूर्य प्रताप पढ़ाई-लिखाई में एक अच्छा छात्र था। कॉलेज में भी वह हर किसी के साथ घुल-तिल में अच्छे थे और कॉलेज में काफी मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाते थे। अचानक हुई इस घटना से उनके दोस्त और परिवार गहरे सदमे में हैं।
करीब से मारी गई गोली
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हमलावर ने सूर्य प्रताप सिंह पर काफी करीब से गोली मारी। सूर्य प्रताप पर कुल 8 गोलियां चलाई गई। इसमें से चार गोलियां उसके सीने में लगी। वहीं, चार गोलियां छात्र की कनपटी के पास लगीं। इतने गंभीर हमले के बाद छात्र को बचाया नहीं जा सका। उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हालांकि, छात्र को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया।
सूर्य प्रताप की मौत से छात्र सदमे में हैं। घटना के बाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। वीडियो में एक युवक जोर-जोर से रोते हुए कहता दिखाई दे रहा है कि हमके हमार भाई चाही। वीडियो देखने के बाद लोग भावुक हो रहे हैं। मृतक छात्र के दोस्तों का कहना है कि यह उनके लिए बहुत बड़ा सदमा है।
छात्रों का फूटा गुस्सा
छात्र सूर्य प्रताप सिंह की क्लासरूम में हत्या की खबर फैलते ही कॉलेज में छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। प्रिंसिपल के खिलाफ नारेबाजी शुरू हो गई। साथ ही, कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे। आक्रोशित छात्रों में जमकर विरोध प्रदर्शन किया। तोड़फोड़ की घटना की भी खबर है। मामले की जानकारी मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कॉलेज और आसपास के इलाकों में की गई है। लंका पुलिस की टीम मौके पर मौजूद है। डीआईजी शिवहरी मीणा भी घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, घटना छात्रों के दो गुटों के बीच के विवाद का परिणाम लग रहा है। डीआईजी शिवहरी मीझाा ने कहा कि कॉलेज में दो छात्रों के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई थी। इसी दौरान गुस्से में एक छात्र ने पिस्टल निकालकर गोली चला दी। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगा दी गई हैं।
सूर्य प्रताप की हत्या में आरोपी का नाम मंजीत चौहान बताया गया है। वह शिवपुर थाना क्षेत्र के चांदमारी इलाके का रहने वाला है। आरोपी की तलाश में एसओजी समेत कई पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
