Vidhan Sabha Chunav 2026 : देश के तीन महत्वपूर्ण राज्यों — केरल, असम और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी — में आज विधानसभा चुनाव के लिए मतदान जारी है। सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग शाम 5 बजे तक चलेगी, जहां मतदाता अपने जनप्रतिनिधियों के भविष्य का फैसला कर रहे हैं।
केरल की सभी 140 विधानसभा सीटों, असम की 126 सीटों और पुडुचेरी की 30 सीटों पर मतदान हो रहा है। चुनाव आयोग के मुताबिक तीनों क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से वोटिंग जारी है।
केरल में कुल 2.71 करोड़ मतदाता 883 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला कर रहे हैं। इनमें 1.32 करोड़ पुरुष, 1.39 करोड़ महिला मतदाता और 273 ट्रांसजेंडर वोटर शामिल हैं, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं।
वहीं असम में करीब 2.50 करोड़ मतदाता 31,490 मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव को लेकर राज्य में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है और प्रशासन मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए लगातार अपील कर रहा है।
पुडुचेरी की 30 विधानसभा सीटों पर भी मतदान जारी है, जहां स्थानीय मुद्दों के साथ विकास और शासन प्रमुख चुनावी मुद्दे बने हुए हैं।
तीनों राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में डाले गए मतों की गिनती 4 मई को होगी, जिसके बाद नई सरकारों की तस्वीर साफ हो जाएगी। लोकतंत्र के इस महापर्व में मतदाताओं की भागीदारी पर पूरे देश की नजरें टिकी हुई हैं।