Virat Kohli: भारतीय टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने रांची में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे में अपना 52वां वनडे शतक जड़कर इतिहास रच दिया। यह शतक वनडे क्रिकेट के इतिहास का 7000वां शतक भी था। कोहली ने इस दौरान पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के साथ 136 रनों की शानदार साझेदारी की। विराट ने जैसे ही यह शतक पूरा किया, वैसे ही एक फैन सुरक्षा घेरा तोड़कर मैदान पर उनके पैर छूने आ गया, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए।
एक उत्साही फैन सुरक्षा घेरा तोड़कर मैदान में प्रवेश कर गया और सीधे कोहली के पैर छूने चला गया। ऐसा होने पर सुरक्षाकर्मी तुरंत हरकत में आए और फैन को बाहर निकाला। यह घटना एक बार फिर बड़े मैचों में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करती है। ऐसा मैदान पर पहली बार देखने को नहीं मिला है। रांची के इस मैदान पर पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के साथ भी ऐसा हो चुका है।
कोहली ने बनाया रिकॉर्ड
कोहली का यह शतक वनडे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट इतिहास का 7000वां शतक भी है। उन्होंने 103 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया, जो उनके करियर का 52वां वनडे शतक है और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उनका छठा वनडे शतक है। कोहली ने रोहित शर्मा के साथ मिलकर भारतीय पारी को मजबूती दी और दूसरे विकेट के लिए 136 रनों की एक दमदार साझेदारी की। रोहित शर्मा ने 51 गेंदों पर 5 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 51 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन कोहली ने अपनी पारी जारी रखी।
शतक के करीब पहुंचने पर कोहली ने थोड़ी धीमी बल्लेबाजी की, लेकिन जैसे ही उन्होंने शतक पूरा किया, वह तूफानी अंदाज में आ गए। इसी आक्रमण के चलते उन्होंने अपना विकेट गंवाया, लेकिन आउट होने से पहले 120 गेंदों का सामना करते हुए 11 चौके और 7 छक्कों की मदद से 135 रन बनाए।
