Australia : आरोपी की हुई पहचान, कौन हैं बाप-बेटे जिन्होंने सिडनी में मचाया कोहराम

Bindash Bol

Australia : ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में रविवार को आतंकी हमला हुआ. इस हमले में 15 लोगों की मौत हो गई है और 40 से ज्यादा घायल हो गए हैं. यहूदियों के हनुक्का त्योहार के दौरान मास शूटिंग हुई. इसी के बाद अब सामने आया है कि बाप और बेटे ने मिलकर इस भयानक हमले को अंजाम दिया. न्यू साउथ वेल्स पुलिस ने जानकारी दी कि 50 साल के पिता और 24 साल के बेटे ने मिलकर इस हमले को अंजाम दिया.

पुलिस ने पुष्टि की है कि इस हमले में कोई अन्य हमलावर शामिल नहीं था. पुलिस ने बताया कि हनुक्का उत्सव के दौरान सिडनी के यहूदी समुदाय के सदस्यों को निशाना बनाकर की गई इस गोलीबारी को आधिकारिक तौर पर एक आतंकवादी हमला घोषित किया गया है.

कौन हैं बाप-बेटे?
न्यू साउथ वेल्स पुलिस आयुक्त माल लैन्यन ने आतंकी हमले को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की. उन्होंने इस दौरान कहा, पुलिस अब किसी अन्य संदिग्ध की तलाश नहीं कर रही है. लैन्यन ने बताया कि 50 साल के आरोपी व्यक्ति को पुलिस ने गोली मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके 24 वर्षीय बेटे को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया है और वो पुलिस निगरानी में है.

अमेरिकी खुफिया अधिकारियों के अनुसार, 24 वर्षीय कथित हमलावर की पहचान पाकिस्तानी नागरिक नवीद अकरम के रूप में हुई है. पिता का नाम अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है, लेकिन अधिकारियों ने रविवार को कहा कि उनकी पहचान एक लाइसेंसधारी हथियार मालिक के रूप में की गई है.

उन्होंने यह भी बताया कि घटनास्थल के पास दो एक्टिव विस्फोटक उपकरण (IED) मिले थे, जिन्हें बाद में पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया.

शूटर के पास था हथियार लाइसेंस
लैन्यन ने पुष्टि की कि मृत 50 वर्षीय व्यक्ति के पास वैध हथियार लाइसेंस था और उसके नाम पर 6 फायरआर्म्स रजिस्टर थे. लैन्यन ने कहा, माना जा रहा है कि ये सभी 6 हथियार बॉन्डी बीच पर किए गए अपराधों में इस्तेमाल किए गए थे. पुलिस आयुक्त ने इस पर टिप्पणी करने से इनकार किया कि क्या दोनों हमलावर पहले से पुलिस के रडार पर थे या नहीं और घटनास्थल से आईएसआईएस का झंडा मिलने की खबरों पर भी कोई बयान नहीं दिया.

उन्होंने कहा कि 50 वर्षीय पिता के पास करीब 10 वर्षों से हथियार लाइसेंस था. लैन्यन ने कहा, हम इस हमले के पीछे के मकसदों की जांच करेंगे और यह जांच का एक अहम हिस्सा है.

लैन्यन ने बताया कि कार्रवाई के दौरान घायल हुए न्यू साउथ वेल्स पुलिस के दो अधिकारी अब भी अस्पताल में भर्ती हैं. दोनों अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचने और हमलावरों के साथ गोलीबारी के दौरान घायल हुए थे. उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में पूजा स्थलों पर पुलिस की मजबूत मौजूदगी बनाए रखी जाएगी.

TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment