* Chhath Puja : छठी मइया और सूर्योपासना: हमारी जातीय स्मृति और सनातन परंपरा का स्पंदन
* Chhath Puja : नहाय-खाए से उदयन तक: सृष्टि के पालनहार सूर्य को समर्पित कृतज्ञता का पर्व ‘छठ’
Chhath Puja : आज कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी को नहाय-खाय से छठ महापर्व आरम्भ हो रहा है। पूरे वातावरण में उत्सव है, उल्लास है। छठ के गीत बजने शुरू हो गए हैं। छठी मइया के आगमन पर लोककचित्त उल्लसित है।
छठ सूर्य षष्ठी व्रत सूर्योपासना का व्रत तो है ही, साथ ही इस सृष्टि की अधिष्ठात्री प्रकृति देवी के छठे सर्वोत्कृष्ट मातृ रूप की उपासना का भी। प्रकृति देवी का यह रूप हमारे सामूहिक अवचेतन में छठी मइया के रूप में कब प्रतिष्ठित हुआ, यह बताना मुश्किल है। छठ महापर्व में कार्तिक मास की शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को पहले अस्तलगामी और बाद में सप्तमी तिथि उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाता है और इसी के साथ महापर्व छठ का समापन हो जाता है। दीपावली के बाद ही छठ के गीत बजने शुरू हो जाते हैं। सप्तमी को ये गीत बजने बन्द हो जाते हैं। पूरे वातावरण में नीरवता व्याप्त हो जाती है। लोकचित्त उदासी में डूब जाता है। छठ माता अगले वर्ष आने का आश्वसन देकर विदा ले चुकी होती हैं।
हमारी जातीय स्मृति (racial memory) का केंद्रीय बीज या प्रतीक है सूर्य। सुदूर प्रागैतिहासिक युग के किसी अनाम कालखण्ड में हमारे पूर्वजों में से किसी द्रष्टा ने, किसी ऋषि ने, किसी आद्य अनुभवकर्त्ता ने उदीयमान सूर्य की सप्तवर्णी अरुणिमा को आस्था और धर्मभाव से या आश्चर्य भाव से या फिर कविजनोचित स्वतःस्फूर्त दिगंतव्यापिनी कल्पना के दबाव में देखा होगा और उसे दिव्यता से मंडित कर अपना पालनकर्त्ता मान लिया होगा। बाद में सूर्य को विष्णु का ही रूप माना गया। वेदों में जो विष्णु का नाम मिलता है, वही सूर्य है। ‘विष्णु’ शब्द ‘विष् या ‘विश्’ धातु से व्युत्पन्न है, जिसका अर्थ है ‘व्यापक रूप में ।’ अर्थात् जो सर्वत्र व्याप्त है, उसे विष्णु कहते हैं। सूर्य अपनी रश्मियों से सर्वत्र व्याप्त होने के कारण ‘विष्णुर्भवति’ विष्णु हो जाता है। ऋग्वेद में विष्णु को तेजोमय परमात्मा कहकर संबोधित किया गया है।
त्रेता युग में अगस्त्य ऋषि ने ‘आदित्यहॄदयम्’ की रचना की जो सूर्य की स्तुति के मंत्र हैं। इस स्तुति में यह कहा गया है-“भगवान सूर्य अपनी अनन्त रश्मियों से सुशोभित हैं। वे नित्य उदय होने वाले (समुद्यन्), देवताओं और असुरों के नमस्कृत, प्रभा का विस्तार करने वाले (भास्कर) और संसार के स्वामी (भुवनेश्वर) हैं। संपूर्ण देवता इन्हीं के स्वरूप हैं। ये तेज की राशि हैं और संपूर्ण जगत् के पति हैं। ये अपनी रश्मियों का प्रसार कर देवताओं और असुरों सहित समस्त लोकों का पालन करते हैं। ये ही ब्रह्मा, विष्णु, शिव, स्कंद, प्रजापति, इंद्र, कुबेर, काल, यम, चन्द्रमा, वरुण, पितर, वसु, साध्य, अश्विनी कुमार, मरुद्गण, मनु, वायु, अग्नि, प्रजा, प्राण, ऋतुओं को प्रगट करने वाले तथा प्रभा के पुंज हैं।
इन्हीं का नाम आदित्य (अदिति के पुत्र), सविता (जगत् को उत्पन्न करने वाले), सूर्य(सर्वव्यापक), खग (आकाश में विचरण करने वाले), पूषा (पोषण करने वाले), गभस्तिमान् (प्रकाशमान), सर्वज्ञ, सदृश्य, भानु (प्रकाशक), हिरण्यरेता (ब्रह्मांड की उत्पत्ति का बीज), दिवाकर (रात्रि के अंधकार को दूर कर दिन का प्रकाश फैलाने वाले), हरिदश्व (दिशाओं में व्यापक या हरे रंग के घोड़े वाले), सहस्रार्चि (हजारों किरणों वाला), सप्तसप्ति (सात घोड़ों वाले), मरीचमान् (किरणों से सुशोभित), तिमिरोन्मथन (अंधकार का नाश करने वाला), शम्भू (कल्याण का उद्गम स्थल), त्वष्टा ( भक्तों का दुख दूर करने वाले), मार्तण्ड (ब्रह्मांड को जीवन देने वाले), अंशुमान् (किरण धारण करने वाले), हिरण्यगर्भ (ब्रह्मा), शिशिर (स्वाभाव से सुख देने वाले), तपन ( गर्मी पैदा करने वाले), अहस्कर (दिनकर), रवि (सबके स्तुति के पात्र), अग्निगर्भ, अदितिपुत्र, शंख, शिशिरनाशन, व्योमनाथ, ऋग्, यजु: एवं सामवेद के पारगामी, अपो मित्र (जल उत्पन्न करने वाला), विंध्यवीथिप्लवगम (आकाश में तीव्र गति से चलने वाले), आतपी ( घाम उत्पन्न करने वाले), मण्डली (किरण समूह करने वाले), मृत्यु (मौत का कारण), पिंगल (भूरे रंग वाले), सर्वतापन (सबको ताप देने वाले), कवि (त्रिकालदर्शी), सरभवोद्भव (सब की उत्पत्ति का कारण), नक्षत्र, ग्रह और तारों के स्वामी, विश्वभावन ( जगत् की रक्षा करने वाले), द्वादशात्मा ( बारह स्वरूपों में अभिव्यक्त) हैं। सूर्य को इन नामों से संबोधित कर उनकी स्तुति की गई है।
इस स्तुति में आगे सूर्य के पूर्वगिरि उदयाचल और पश्चिमगिरि अस्ताचल रूप की वंदना की गई है। फिर उन्हें जयस्वरूप, विजय और कल्याण के दाता, उनके उग्र, वीर और सारंग रूप तथा उन्हें अंधकार, जड़ता, शीत, शत्रु, कृतघ्न का नाशक, तपाये हुए स्वर्ण की भांति प्रभावान, हर और विश्वकर्मा तथा जगत् की समस्त क्रियाओं का कारण मानते हुए उनकी वंदना की गई है।
सूर्य समस्त सृष्टि सहित हमारे पालनकर्त्ता हैं और इसलिए हम सब सूर्य-संतान हैं। सूर्य सृष्टि का आदि कारण हैं। वे योग हैं निरंतर गतिमानता, कर्मशीलता और पुरुषार्थ का। वह श्री, शोभा,जीवन, प्राण, मधु, तेज, परिपक्वता, तप, ताप, दाह, विराग, संघर्ष और देहातीत चिन्मयता को एक साथ व्यक्त करते हैं। जब वे तपते हैं उनकी किरणें दाने-दाने को पका कर अनाज को मधुमय करती हैं, स्वादिष्ट बनाती हैं। इन्हीं किरणें के ही कारण कषाय केले और खट्टे आम पककर मीठे हो जाते हैं। उसके प्रकाश में पेड़-पौधे अपना भोजन तैयार करते हैं। वह मधु को पकाते हैं, उसका ‘सूदन’ करते है, अतः मधु-सूदन हैं। वह हमें पालते हैं। इसलिए दावा करते हैं कि मनुष्यों! तुम मेरी सन्तति हो। मनुष्य ही क्यों? समस्त प्राणी उनकी सन्तति हैं। पूरा रघुकुल उसकी संतान है। उसका सारा कर्मयोग निरासक्त है, निर्लोभ है, ऋत की रक्षा के लिये है।ऐसे सूर्य का संतान होना गर्व का विषय है। सूर्य षष्ठी व्रत पिता के प्रति संतान द्वारा आभार का प्रकटीकरण है। छठ महापर्व के रूप में हमने अपनी जातीय स्मृति के उस आद्य बिम्ब को सहेज कर रखा है। यह पर्व आत्मदान के लिए हमारी समुत्सुकता का परिचायक है। यह समुत्सुकता, अज्ञेय की ‘कितनी नावों में कितनी बार’ की ‘प्रातः संकल्प’ कविता की इन पंक्तियों में व्यक्त है-
ओ आस्था के अरुण
हाँक ला, उस ज्वलन्त के घोड़े
खुंद डालने दे
तीखी आलोक-कशा के तले तिलमिलाते पैरों को
नभ का कच्चा आँगन!
बढ़ आ जयी!
सँभाल चक्र -मंडल ये अपना!
हम हर वर्ष आस्था और उल्लास के साथ सूर्य षष्ठी व्रत मनाते हैं।