Jharkhand Politics : RJD को कोई इग्नोर नहीं कर सकता : तेजस्वी

Bindash Bol

Jharkhand Politics : झारखंड में जदयू विधायक सरयू राय की ओर से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को कांग्रेस और भाजपा के बिना जेएमएम-आरजेडी-माले और अन्य विधायकों को साथ लेकर नई सरकार बनाना का सुझाव दिया गया है। नई वैकल्पिक सरकार के प्रस्ताव पर चर्चा के बीच आरजेडी के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव रांची पहुंचे।

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि झारखंड में आरजेडी को कोई भी इग्नोर नहीं कर सकता है। दोनों ही राज्यों में आरजेडी बड़ी शक्ति है।

झारखंड में पार्टी संगठन को और मजबूत करेंगे

रांची के कार्निवल हॉल में सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि झारखंड में पार्टी संगठन को और मजबूत करने का काम किया जाएगा। इससे पहले रांची पहुंचने पर उनका झारखंडी रीति-रिवाज के साथ भव्य स्वागत किया गया। तेजस्वी यादव की उपस्थिति से कार्यक्रम में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

मशीन तंत्र और धन तंत्र के बावजूद बिहार में वोट बढ़ा

तेजस्वी यादव ने कहा कि झारखंड में 7 में से 4 सीटें हमने जीतीं। अगर गठबंधन में और सीटें मिलतीं, तो राजद और ज्यादा सीटें जीतता। उन्होंने कहा कि बिहार में आरजेडी गठबंधन को 2020 में 1 करोड़ 70 लाख वोट मिले थे, जबकि 2025 में 1 करोड़ 90 लाख वोट मिला। मशीन तंत्र और धन तंत्र के बावजूद बिहार में हमारा वोट बढ़ा है।

लालू प्रसाद यादव की पार्टी टूटने वाली नहीं

उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी को लोग तोड़ना चाहते हैं, लेकिन ये लालू प्रसाद यादव की पार्टी है, ये टूटने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि अन्नपूर्णा देवी के भाजपा में जाने से क्या राजद कमजोर हो गया? जनता आज भी राजद के साथ है।

असम और केरल विधानसभा चुनाव पर भी बोले तेजस्वी

असम और केरल विधानसभा चुनाव पर तेजस्वी यादव ने कहा कि भाजपा को हराने के लिए सभी लोग मजबूती से एक साथ रहे हैं और आगे भी साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी झारखंड में दिशोम गुरु शिबू सोरेन के आदर्शों पर चलती रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन असम में चुनाव लड़ रहे हैं, आरजेडी भी केरल में चुनाव लड़ रह हैं। इस कार्यक्रम को लेकर पूरे रांची शहर में बैनर, पोस्टर और तोरणद्वार लगाए गए, जिससे शहर में उत्सवी माहौल बन गया।

Share This Article
Leave a Comment