JAC Result 2026 : झारखंड में मैट्रिक के छात्रों और अभिभावकों के बीच शुक्रवार देर रात से ही अफरा-तफरी मची रही। सोशल मीडिया पर रिजल्ट जारी होने का एक फर्जी लिंक तेजी से वायरल होने लगा। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने तत्काल संज्ञान लेते हुए इस पर अपनी आधिकारिक प्रतिक्रिया दी है। काउंसिल के सचिव जयंत कुमार मिश्र ने एक पत्र जारी कर छात्रों को सतर्क किया है कि परीक्षाफल अभी तैयार किया जा रहा है और प्रकाशन की प्रक्रिया प्रगति पर है। जैक ने कहा कि भ्रामक खबरें और फर्जी तस्वीरें साझा करने वाले शरारती तत्वों से सावधान रहें क्योंकि परिषद ने अभी तक किसी भी आधिकारिक तिथि की घोषणा नहीं की है।
वायरल लिंक को जैक ने बताया फर्जी
सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों पर शुक्रवार रात से एक लिंक प्रसारित किया जा रहा था, जिसमें दावा किया गया कि मैट्रिक 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया गया है। जैक सचिव ने साफ किया कि परिषद की ओर से ऐसा कोई लिंक जारी नहीं किया गया है। ये पूरी तरह से भ्रामक है और छात्रों को गुमराह करने के उद्देश्य से फैलाया जा रहा है।
जैक की छात्रों और अभिभावकों से अपील
परिषद ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही किसी भी अपुष्ट खबर पर ध्यान न दें। इसके लिए जैक की ओर से निर्देश जारी किए गए।
* किसी भी अनधिकृत लिंक पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें।
* रिजल्ट की सही तिथि और समय की जानकारी केवल प्रमुख समाचार पत्रों और जैक की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से दी जाएगी।
* मैट्रिक परीक्षाफल तैयार करने का कार्य अभी अंतिम चरण में है और इसमें समय लगेगा।
* साइबर धोखाधड़ी से बचने के लिए केवल सरकारी या भरोसेमंद पोर्टल्स का ही उपयोग करें।
आधिकारिक वेबसाइट और डिजी लॉकर पर ही आएगा रिजल्ट
जैक सचिव ने निर्देश दिया है कि मैट्रिक परीक्षा 2026 का परिणाम केवल झारखंड एकेडमिक काउंसिल की आधिकारिक वेबसाइट और डिजी लॉकर (DigiLocker) पर ही उपलब्ध होगा। इसके अलावा किसी भी तीसरे पक्ष (थर्ड पार्टी) के स्रोत या निजी वेबसाइट पर परीक्षाफल प्रकाशित नहीं किया जाएगा।
विभिन्न सोशल मीडिया माध्यमों पर वार्षिक माध्यमिक (मैट्रिक) परीक्षा 2026 के परीक्षाफल प्रकाशन के संबंध में कुछ शरारती तत्वों द्वारा लिंग के जरिए भ्रामक खबरें और फर्जी तस्वीरें प्रकाशित की जा रही हैं।
जयंत कुमार मिश्र, सचिव, जैक
शरारती तत्वों पर परिषद की पैनी नजर- सचिव
गलत सूचना फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ परिषद सख्त है। जैक की ओर से कहा गया है कि परीक्षाफल प्रकाशन की औपचारिक घोषणा होने तक धैर्य बनाए रखें। छात्र नियमित रूप से जैक की वेबसाइट चेक करते रहें ताकि उन्हें सही और सटीक अपडेट मिल सके। वर्तमान में रिजल्ट से जुड़ी सभी वायरल तस्वीरें और पोस्ट पूरी तरह असत्य हैं।