Ishan Kishan : भारतीय क्रिकेट टीम से सदस्य ईशान किशन जल्द ही रांची में पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के पड़ोसी बनेंगे। किक्रेटर ईशान किशन का नया आशियाना धोनी के रांची स्थित दलादली चौक के निकट फार्म हाउस के करीब 11 मंजिला बिल्डिंग में होगा।
रांची क्षेत्रीय विकास प्राधिकार (आरआरडीए) की ओर से ईशान किशन के बहुमंजिला भवन निर्माण के नक्शे के मंजूरी दे दी गई है। आरआरडीए ने नगड़ी अंचल के मौजा दलादली के खाता संख्या-1 और प्लॉट संख्या-515 की 75 डिसमिल जमीन पर बहुमंजिला भवन बनाने के नक्शा को मंजूरी दी गई है। आरआरडीए की ओर से रिंग रोड़ के किनारे स्थित इस जमीन पर जी प्लस 10 तल्ला बिल्डिंग प्लान को मंजूरी दी गई है।
सोसाइटी में मिलेगी कई लग्जरी सुविधाएं
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बिल्डिंग के दो तल्ले में व्यावसायिक गतिविधियां चलेंगी। इसमें ग्राउंड और दो तल्लों में कार्यालय और शो-रूम बनाए जाएंगे। जबकि आठ तल्ला आवासीय फ्लैट होगा। इस जमीन पर सिर्फ एक ब्लॉक ही बनेगा। लेकिन इस सोसाइटी में काफी लग्जरी सुविधाएं दी गई है।
2022 में हुआ था भूमि पूजन
ईशान किशन ने दिसंबर 2022 में इस 75 डिसमिल जमीन पर भूमि पूजन किया था। शगुन ईशान इंफ्रा नाम से एक इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी बनाई थी। इसी कंपनी के तहत इस प्रोजेक्ट पर काम किया जा रहा है। भूमि पूजन के समय ही तय हो गया था कि अब वो धोनी के पड़ोसी बनेंगे।
ईशान के पिता बोले- जल्द तैयार होगी बिल्डिंग
ईशान किशन के पिता प्रणय कुमार पांडे ने बताया कि धोनी के घर के पास ही काफी पहले कन्वर्जन पर जमीन ली गई थी। अब उस जमीन पर 11 मंजिला बिल्डिंग का नक्शा पास हो गया है। अब इसपर तेजी से निर्माण कार्य होगा। बिल्डिंग को आधुनिक तरीके से विकसित किया जाएगा।
सोसाइटी में प्ले-ग्राउंड से लेकर गेस्ट हाउस की सुविधा
ईशान किशन की जमीन पर स्वीकृत नक्शे में काफी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। इस प्रोजेक्ट में ओपन स्पेस के रूप में प्ले ग्राउंड, इंडोर गेम, स्विमिंग पूल, जिम, गेस्ट हाउस, कम्युनिटी हॉल, गार्डन, सैलून-पार्लर, मेडिकल और डिपार्टमेंटल स्टोर की सुविधाएं विकसित की जाएगी। पूरे सोसाइटी में ओपन स्पेस अधिक रखने पर जोर दिया गया है। ताकि बिल्डिंग का फ्रंट लुक बेहतरीन लगे।
दलादली क्षेत्र बन रहा कॉमर्शियल जोन, जमीन की मांग बढ़ी
धोनी का फॉर्म हाउस बनने के बाद से ही दलादली क्षेत्र चर्चा में आ गया था। रिंग रोड़ और आसपास के जमीन की कीमत बढ़ गई थी। लेकिन अब ईशान किशन का प्रोजेक्ट शुरू होने से रिंग रोड़ के आसपास का क्षेत्र कॉमर्शियल जोन बनने वाला है। इस क्षेत्र में जमीन की कीमतों में काफी इजाफा हो गया है। सड़क किनारे जमीन उपलब्ध नहीं है। रोड़ से अंदर भी जमीन की कीमत 10 लाख रुपए डिसमिल से अधिक हो गया है।