INDIA Alliance : बनते INDIA गठबंधन की दिल्ली में शक्ति-परीक्षा, अंदरूनी कलह के बीच मोदी सरकार को घेरने की तैयारी

Bindash Bol

INDIA Alliance : देश की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों और 2029 लोकसभा चुनाव की रणनीति को लेकर INDIA गठबंधन की अहम बैठक 8 जून को दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में होने जा रही है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश के मुताबिक इस बैठक में 23 विपक्षी दल शामिल होंगे। हालांकि बैठक से पहले ही गठबंधन के भीतर मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं, जिससे विपक्षी एकजुटता पर सवाल उठने लगे हैं।
जयराम रमेश ने दावा किया है कि 23 दलों ने बैठक में शामिल होने की पुष्टि कर दी है। उन्होंने कहा कि कुछ दल अपने-अपने कारणों से बैठक में नहीं आ रहे हैं, लेकिन वे भी केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में गठबंधन के साथ खड़े हैं।

बैठक में मोदी सरकार के खिलाफ साझा रणनीति तैयार करने, संसद से लेकर सड़क तक विपक्ष की भूमिका तय करने और 2029 के चुनावी रोडमैप पर चर्चा होने की संभावना है। कांग्रेस का आरोप है कि केंद्र सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है, संविधान की भावना पर लगातार चोट कर रही है और जांच एजेंसियों का राजनीतिक इस्तेमाल कर विपक्षी नेताओं को निशाना बना रही है।

इस बीच गठबंधन के भीतर दरार की खबरें भी चर्चा में हैं। डीएमके ने तमिलनाडु में कांग्रेस पर ‘विश्वासघात’ का आरोप लगाते हुए बैठक से दूरी बना ली है। वहीं माकपा भी कांग्रेस नेताओं द्वारा केरल में वाम दलों और बीजेपी की कथित मिलीभगत के आरोपों से नाराज है। सूत्रों के अनुसार माकपा महासचिव एमए बेबी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को पत्र लिखकर इस मुद्दे पर स्पष्टीकरण भी मांगा है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि हालिया विधानसभा चुनावों में कई राज्यों में बदले समीकरणों और विपक्षी दलों के बीच बढ़ती खींचतान के बीच यह बैठक INDIA गठबंधन के लिए एक बड़ी परीक्षा साबित हो सकती है। एक ओर विपक्ष मोदी सरकार के खिलाफ मजबूत मोर्चाबंदी का दावा कर रहा है, तो दूसरी ओर सहयोगी दलों के बीच बढ़ता अविश्वास उसकी सबसे बड़ी चुनौती बनता दिखाई दे रहा है।

अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि दिल्ली की यह बैठक विपक्षी एकता को नई ताकत देती है या फिर गठबंधन के भीतर उभर रही दरारें और गहरी होती हैं।

इंडिया ब्लॉक के 23 दल

कांग्रेस
समाजवादी पार्टी
राष्ट्रीय जनता दल
तृणमूल कांग्रेस
नेशनल कॉन्फ्रेंस
पीडीपी
जेएमएम
शिवसेना यूबीटी
एनसीपी-एसपी
सीपीएम
सीपीआई
आरएसपी
फारवर्ड ब्लॉक
मुस्लिम लीग
वीसीके
भाकपा माले
एमडीएमके
आरएलपी- हनुमान बेनीवाल
केरल कांग्रेस
वीआईपी पार्टी- मुकेश शाहनी
केरल कांग्रेस – मणि
बाप (राजस्थान की आदिवासी पार्टी)
लोकदल सुनील सिंह

Share This Article
Leave a Comment