Jharkhand T20 : झारखंड टी20 प्रीमियर लीग 2026 के फाइनल मुकाबले के दौरान मंगलवार शाम रांची के धुर्वा स्थित JSCA इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारी अव्यवस्था देखने को मिली। मैच देखने पहुंचे हजारों क्रिकेट प्रेमियों की भीड़ के बीच अचानक भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जिसमें कई दर्शकों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद स्टेडियम परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
फ्री एंट्री बनी भारी भीड़ की वजह
फाइनल मुकाबले में दर्शकों के लिए प्रवेश निशुल्क रखा गया था। इसी कारण उम्मीद से कहीं अधिक संख्या में लोग स्टेडियम पहुंच गए। छोटानागपुर रॉयल्स और जमशेदपुर स्टीलर्स के बीच खेले जा रहे खिताबी मुकाबले को देखने के लिए क्रिकेट प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला, जिससे स्टेडियम के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई।
एंट्री गेट पर बिगड़े हालात
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्टेडियम के वेस्ट गेट पर बड़ी संख्या में लोग प्रवेश के इंतजार में खड़े थे। इसी दौरान गेट पर दबाव बढ़ने लगा और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। अंदर जाने की होड़ में कई लोग गिर पड़े, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। कुछ दर्शकों ने गेट और बैरिकेडिंग पर चढ़कर अंदर जाने की कोशिश की। इस दौरान कई लोगों के चोटिल होने की खबर है, हालांकि प्रशासन ने अभी तक घायलों की आधिकारिक संख्या जारी नहीं की है।
पुलिस और सुरक्षाकर्मियों ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल और सुरक्षाकर्मियों को मौके पर तैनात किया गया। पुलिस ने तत्काल भीड़ को नियंत्रित कर हालात को काबू में लिया। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने के बाद दर्शकों को व्यवस्थित तरीके से प्रवेश दिलाने का प्रयास किया गया, जिससे स्थिति और गंभीर होने से बच गई।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद स्टेडियम की सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि फ्री एंट्री की घोषणा के बाद बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना पहले से थी, बावजूद इसके पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। ऐसे बड़े आयोजन में भीड़ नियंत्रण और प्रवेश व्यवस्था को लेकर अब आयोजकों की तैयारियों पर सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है और घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।