Pakistan : ग्वादर में पाकिस्तान को बड़ा झटका? BLA का दावा- कोस्ट गार्ड कैंप तबाह, 30 से ज्यादा जवान ढेर

Bindash Bol

Pakistan : बलूचिस्तान के ग्वादर जिले में शुक्रवार शाम बड़ा धमाका हुआ। प्रतिबंधित अलगाववादी संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने दावा किया है कि उसने जिवानी के पनवान इलाके में स्थित पाकिस्तान कोस्ट गार्ड के किलेनुमा कैंप पर बड़ा फिदायीन हमला किया। संगठन के मुताबिक, इस ऑपरेशन में 30 से ज्यादा पाकिस्तानी जवान मारे गए, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हालांकि, पाकिस्तान की सेना ने अब तक इन दावों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

विस्फोटकों से भरा ट्रक कैंप में घुसा

‘द बलूचिस्तान पोस्ट’ की रिपोर्ट के अनुसार, BLA का कहना है कि उसके विशेष दस्ते मजीद ब्रिगेड के हमलावर अताउल्लाह बलोच उर्फ अजमल ने शुक्रवार शाम करीब 6:32 बजे विस्फोटकों से लदा एक माजदा ट्रक सीधे कोस्ट गार्ड कैंप के भीतर घुसा दिया। कुछ ही सेकंड बाद हुए भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। संगठन का दावा है कि धमाका इतना शक्तिशाली था कि किले जैसी सुरक्षा वाला कैंप मलबे में तब्दील हो गया।

धमाके के बाद चारों ओर से हमला

BLA के प्रवक्ता जीयंद बलोच के अनुसार, ट्रक विस्फोट के तुरंत बाद संगठन के विशेष लड़ाकू दस्ते फतेह स्क्वाड ने चारों दिशाओं से कैंप पर समन्वित हमला बोल दिया। संगठन का दावा है कि बचे हुए कोस्ट गार्ड कर्मियों के साथ नजदीकी मुठभेड़ हुई, जिसमें 30 से अधिक जवान मारे गए। BLA का यह भी कहना है कि कई घायल सैनिक मलबे में दबे हैं, इसलिए मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।

हमले का वीडियो भी जारी

BLA के मीडिया विंग हक्काल ने इस हमले से जुड़ा 43 सेकंड का एक वीडियो भी जारी किया है। वीडियो में कथित तौर पर विस्फोटकों से भरा ट्रक कैंप के अंदर जाता दिखाई देता है, जिसके तुरंत बाद जोरदार धमाका होता है। बाद में जारी अन्य वीडियो में कैंप के बड़े हिस्से के तबाह होने का दावा किया गया है।

पाकिस्तान की ओर से अब तक चुप्पी

हमले के बाद BLA ने कहा है कि वह इस पूरे ऑपरेशन का विस्तृत ब्यौरा जल्द जारी करेगा और ‘बलूचिस्तान की आजादी’ तक पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के खिलाफ उसका अभियान जारी रहेगा।
हालांकि, पाकिस्तान की सेना और सरकारी अधिकारियों ने अब तक इस घटना, हताहतों की संख्या या नुकसान को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। इसलिए BLA के दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment