National Chess Championship : झारखंड की राजधानी रांची एक बार फिर राष्ट्रीय खेल जगत के केंद्र में रहने वाली है। 6 से 12 जुलाई तक 39वीं राष्ट्रीय अंडर-9 ओपन एवं गर्ल्स शतरंज चैंपियनशिप-2026 का आयोजन सरला बिरला विश्वविद्यालय, महिलौंग परिसर में होगा। सात दिनों तक चलने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 438 बाल शतरंज खिलाड़ी अपनी रणनीति, एकाग्रता और बौद्धिक कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन ऑल झारखंड चेस एसोसिएशन द्वारा रांची जिला चेस एसोसिएशन के सहयोग से तथा ऑल इंडिया चेस फेडरेशन (AICF) के तत्वावधान में किया जा रहा है। प्रतियोगिता को विश्व शतरंज महासंघ (FIDE) की मान्यता भी प्राप्त है। लगभग आठ वर्षों बाद रांची को फिर से इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है, जिसे राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के उत्साह को बढ़ाने के लिए कुल पांच लाख रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। आयोजन स्थल सरला बिरला विश्वविद्यालय में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों के लिए आवास, भोजन, प्रतियोगिता हॉल, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं, ताकि सभी प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर के अनुरूप बेहतर माहौल मिल सके।
आयोजकों का मानना है कि इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले कई खिलाड़ी भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं। ऐसे में यह चैंपियनशिप उभरती प्रतिभाओं के लिए अपनी क्षमता साबित करने का बड़ा मंच होगी। साथ ही, झारखंड में शतरंज जैसे बौद्धिक खेलों के प्रति युवाओं की रुचि बढ़ाने में भी यह आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस राष्ट्रीय आयोजन से रांची को खेल मानचित्र पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है। देशभर से आने वाले खिलाड़ी, कोच, अभिभावक और अधिकारी झारखंड की संस्कृति, प्राकृतिक सुंदरता और आतिथ्य का भी अनुभव करेंगे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सीसीएल, एनटीपीसी और बीसीसीएल का सहयोग भी मिल रहा है।
ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी नवजोत अलंग ने कहा कि रांची के लिए यह बेहद गौरव का क्षण है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हमारा प्रयास है कि खिलाड़ियों को उत्कृष्ट सुविधाएं और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा का वातावरण मिले। हमें विश्वास है कि यह राष्ट्रीय चैंपियनशिप झारखंड के खेल इतिहास में एक नई पहचान स्थापित करेगी और यहां से भविष्य के कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय चैंपियन उभरकर सामने आएंगे।
National Chess Championship : रांची बनेगी देश की नन्ही शतरंज प्रतिभाओं का रणक्षेत्र, 6 जुलाई से राष्ट्रीय अंडर-9 चेस चैंपियनशिप का आगाज़
Leave a Comment
Leave a Comment