Punjab Paper Leak : एक तरफ दिल्ली की सड़कों पर आम आदमी पार्टी के दिग्गज नेता राजनीति की रोटियाँ सेंकने और आंदोलनों को ‘हाईजैक’ करने में पूरी ताकत झोंक रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ उनकी इकलौती सत्ता वाले राज्य पंजाब में युवाओं के भविष्य का सरेआम सौदा हो रहा है। दिल्ली में बैरिकेडिंग फाँदकर राजनीति चमकाने वाले अरविंद केजरीवाल और सीएम भगवंत मान अपनी ही सरकार की नाक के नीचे हुए हाई-टेक फार्मासिस्ट परीक्षा घोटाले पर रहस्यमयी चुप्पी साधे बैठे हैं।
क्या है पूरा मामला? हिडन कैमरा, ब्लूटूथ और अंडरवेयर में वायरलेस!
19 जुलाई 2026 को पंजाब के फरीदकोट, कोटकपुरा और फिरोजपुर में बाबा फरीद यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज (BFUHS) द्वारा फार्मासिस्ट और फार्मा अधिकारी के 454 पदों के लिए भर्ती परीक्षा आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में 7,000 उम्मीदवार शामिल हुए थे, लेकिन जो सामने आया, उसने राज्य के शिक्षा और प्रशासनिक तंत्र की धज्जियाँ उड़ा दीं..
* हाई-टेक फर्जीवाड़ा: पारंपरिक पेपर लीक के बजाय यहाँ कॉरपोरेट स्तर पर हाई-टेक धांधली की गई। अभ्यर्थियों ने पगड़ी, मोजे और अंडरवेयर के भीतर माइक्रो-ब्लूटूथ और बैटरी से चलने वाले वायरलेस उपकरण छिपा रखे थे।
* पेन कैमरे से व्हाट्सएप स्कैन: फिरोजपुर केंद्र में एक अभ्यर्थी ने गुप्त पेन कैमरे से प्रश्न पत्र स्कैन करके हरियाणा के भिवानी में बैठे अपने साथी को भेजा। वहाँ उत्तर तैयार कर फरीदकोट में बनाए गए ‘गुप्त कंट्रोल रूम’ में भेजे गए, जहाँ से सीधे अभ्यर्थियों के कान तक माइक्रो-ईयरपीस के जरिए जवाब पहुँचाए गए।
* लाखों की उगाही: परीक्षा में सफलता की तथाकथित ‘गारंटी’ के लिए गिरोह उम्मीदवारों से ₹3.5 लाख से लेकर ₹13 लाख तक की वसूली कर रहा था और पोस्ट-डेटेड चेक ऐंठ रहा था।
35 गिरफ्तार, पर मास्टरमाइंड्स और अफसरों पर मेहरबानी क्यों?
मामले का भंडाफोड़ फ्लाइंग स्क्वाड के औचक निरीक्षण के दौरान हुआ। अब तक 7 मुख्य साजिशकर्ताओं और 28 जालसाज अभ्यर्थियों समेत कुल 35 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उनके पास से 27 बैटरी से संचालित वायरलेस उपकरण जब्त किए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि इसका मास्टरमाइंड फाजिल्का के एक पॉलिटेक्निक कॉलेज का कर्मचारी गुरमीत सिंह था, जिसने परीक्षा की सुबह फरीदकोट-कोटकापुरा रोड के एक होटल में ब्लूटूथ डिवाइस बांटे थे। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतने बड़े अंतरराज्यीय रैकेट (पंजाब, हरियाणा, राजस्थान) के सामने आने के बावजूद भगवंत मान सरकार ने अब तक परीक्षा को रद्द क्यों नहीं किया?
स्वाति मालीवाल का सीधा हमला: “केजरीवाल भारत को नेपाल बनाने में व्यस्त हैं!”
आम आदमी पार्टी की पूर्व नेता और राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने सीएम भगवंत मान और ‘सुपर सीएम’ अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने कहा…
“पंजाब में हजारों छात्रों का भविष्य सरेआम बेचा जा रहा है और भगवंत मान तथा अरविंद केजरीवाल दोनों ने अपने कान बंद कर लिए हैं। शिक्षा में इतना बड़ा घोटाला होने के बावजूद किसी की जवाबदेही तय क्यों नहीं हो रही? केजरीवाल दिल्ली में ‘जेन जी’ को उकसाने और देश को नेपाल जैसा माहौल देने में व्यस्त हैं, लेकिन पंजाब के युवाओं का दर्द उन्हें दिखाई नहीं दे रहा।”
विपक्ष का हल्लाबोल: ‘आप’ का दोहरा रवैया बेनकाब
शिरोमणि अकाली दल सहित अन्य विपक्षी दलों ने पंजाब सरकार को आड़े हाथों लेते हुए आरोप लगाया है कि पंजाब अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड और BFUHS की परीक्षाओं में संगठित नकल माफिया राज कर रहा है।
की पराकाष्ठा देखिए: नीट (NEET UG 2026) का परिणाम आने और री-नीट की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद दिल्ली में छात्रों को भड़काने वाली आम आदमी पार्टी पंजाब के इस ‘मुन्नाभाई स्टाइल’ घोटाले पर पूरी तरह मौन है। आगामी चुनावों के फेर में पंजाब की अपनी ज़मीन खिसकती देख पार्टी के शीर्ष नेता आँखें मूंदे बैठे हैं।
सवाल सीधा है—दूसरों पर उंगली उठाने वाली ‘आप’ सरकार क्या अपने ही राज्य में शिक्षा माफिया पर बुलडोजर चलाएगी या घोटालेबाजों को संरक्षण देती रहेगी?