Jharkhand : राजधानी रांची में गुरुवार को भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए, जिससे पूरे इलाके में जबरदस्त तनाव का माहौल बन गया। हालात इतने बिगड़ गए कि दोनों दलों के कार्यकर्ताओं को आमने-सामने आने से रोकने के लिए पुलिस को भारी मशक्कत करनी पड़ी। बैरिकेड्स के दोनों ओर से जमकर नारेबाजी हुई, पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई और देखते ही देखते अंडे व टमाटर भी चलने लगे।
देशभर में NEET पेपर लीक और संसद मार्च कर रहे छात्रों पर दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस भाजपा कार्यालयों के घेराव का अभियान चला रही है। इसी कड़ी में रांची में कांग्रेस कार्यकर्ता पहले हरमू मैदान में जुटे और फिर भाजपा प्रदेश कार्यालय की ओर कूच किया। हालांकि पुलिस ने कड़े सुरक्षा इंतज़ाम करते हुए बैरिकेड्स लगाकर उन्हें कार्यालय से पहले ही रोक दिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।
उधर, भाजपा कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में सड़कों पर उतर आए और कांग्रेस के विरोध में मोर्चा खोल दिया। पुलिस ने उन्हें भी बैरिकेड्स लगाकर आगे बढ़ने से रोका। इसके बावजूद दोनों ओर से तीखे नारे गूंजते रहे। इसी दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से कांग्रेस प्रदर्शनकारियों पर अंडे और टमाटर फेंके गए, जिससे माहौल और अधिक गरमा गया।
एक ओर कांग्रेस केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और NEET पेपर लीक मामले में जवाबदेही की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही है, तो दूसरी ओर भाजपा राहुल गांधी और कांग्रेस पर युवाओं को गुमराह करने तथा राजनीतिक लाभ के लिए आंदोलन भड़काने का आरोप लगाते हुए पलटवार कर रही है। रांची की सड़कों पर दोनों दलों का यह टकराव राजनीतिक गर्मी को नई ऊंचाई पर ले गया।