Bihar : नाग पंचमी पर लखीसराय के अशोकधाम मंदिर में भगदड़, 7 महिलाओं की मौत, 12 से ज्यादा घायल

Bindash Bol

Bihar : लखीसराय के अशोकधाम मंदिर परिसर में सावन महीने के तीसरी सोमवारी पर जल चढ़ाने जुटे श्रद्धालुओं के बीच करंट फैलने की अफवाह के बाद भगदड़ मच गई. इस भगदड़ में 7 महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं. मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है. अफरातफरी के दौरान कई लोग एक-दूसरे के नीचे दब गए.

बताया जा रहा है कि नाग पंचमी पर मंदिर में भक्तों की काफी भीड़ एकत्रित हुई थी. मंदिर में जल चढ़ाने के लिए सोमवार सुबह बड़ी संख्या में श्रद्धालु लाइन में खड़े थे. इसी दौरान अशोकधाम स्टेशन से मंदिर जाने वाले रास्ते पर बैरिकेडिंग टूट गया और भगदड़ मच गई.

कैसे हुई अशोकधाम मंदिर में भगदड़?

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, रात में रास्ते के किनारे बिजली का पोल तार समेत गिर गया था. बैरिकेडिंग के पास मौजूद बांस-बल्ला टूटकर बिजली के पोल पर अटक गया, जिससे पोल टेढ़ा हो गया. इसके बाद पोल गिरने और करंट फैलने की अफवाह फैल गई.

अफवाह के बाद श्रद्धालुओं में अफरातफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. इसी दौरान बांस-बल्ले से बनाई गई बैरिकेडिंग टूट गई और कई श्रद्धालु एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े. हादसे में अब तक सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई है, जिनमें अधिकतर महिलाएं बताई जा रही हैं, जबकि 12 से अधिक लोग घायल हैं. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है.

घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया. हादसे की विस्तृत वजह और भगदड़ किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है.

हादसे ने मंदिर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बावजूद भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के इंतजामों पर सवाल उठ रहे हैं.

TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment