‘चुनौतियों से निपटने के लिए कोई मॉडल नहीं’, CJP का सरकार पर हमला
NEET PG Exam : देशभर में रविवार को आयोजित हुई NEET PG 2026 परीक्षा राजस्थान में प्रशासनिक लापरवाही की भेंट चढ़ गई। जयपुर के सीतापुरा परीक्षा केंद्र पर बीच परीक्षा में बिजली गुल होने और कंप्यूटर सिस्टम ठप पड़ने के कारण परीक्षा को रद्द करना पड़ा। इस अव्यवस्था से नाराज अभ्यर्थियों ने केंद्र के बाहर जमकर विरोध-प्रदर्शन और नारेबाजी की।
ऐन वक्त पर ठप हुए कंप्यूटर, अभ्यर्थियों का आरोप
* परीक्षा के दौरान अचानक बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे परीक्षा प्रणाली पूरी तरह ठप पड़ गई।
* अभ्यर्थियों का आरोप है कि कंप्यूटर बार-बार बंद हो रहे थे और केंद्र पर कोई पावर बैकअप (UPS या जनरेटर) उपलब्ध नहीं था।
* छात्रों ने परीक्षा में भारी गड़बड़ी और कुप्रबंधन का आरोप लगाते हुए केंद्र प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
अब 5 सितंबर को दोबारा होगी परीक्षा
* एडीएम सिटी के अनुसार, सीतापुरा केंद्र के प्रभावित अभ्यर्थियों की परीक्षा अब 5 सितंबर 2026 को दोपहर 3:00 बजे दोबारा आयोजित की जाएगी।
* प्रभावित छात्रों को जल्द ही नए री-एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे।
* प्रशासन ने केंद्र अधीक्षक से पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तलब कर संबंधित परीक्षा बोर्ड को भेज दी है।
परीक्षा प्रबंधन पर गहराया सियासी घमासान
इस घटना के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने सरकार और परीक्षा एजेंसियों को आड़े हाथों लेते हुए कहा….
”जब तक परीक्षा प्रणाली की संरचनात्मक समस्याओं और तकनीकी ऑडिटिंग को दुरुस्त नहीं किया जाएगा, तब तक ऐसी लापरवाही सामने आती रहेगी। सरकार बुनियादी सुधारों के बजाय सिर्फ प्रचार में लगी है।”
बार-बार बिजली गुल होने से सिस्टम पर सवाल
राजस्थान के परीक्षा केंद्रों पर पावर कट की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे कुछ सप्ताह पहले ही जयपुर के श्री सत्य साईं पीजी कॉलेज में AIAPGET 2026 परीक्षा के दौरान भी ऐन वक्त पर बिजली चली गई थी। बैक-टू-बैक सामने आ रही इन घटनाओं ने परीक्षा एजेंसियों के पावर बैकअप और बुनियादी इंफ्रास्ट्रक्चर की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
