Belgian : भारत यात्रा पर आए बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर ने वैश्विक व्यापार में बढ़ते संरक्षणवाद और मनमाने टैरिफ को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों पर चुटीले अंदाज में जोरदार प्रहार किया। इसके साथ ही, उन्होंने भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वैश्विक दृष्टिकोण की जमकर सराहना करते हुए उन्हें अनिश्चितता के दौर में स्थिरता देने वाला नेता बताया।
मुंबई में आयोजित ‘भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौता (India-EU FTA)’ उच्चस्तरीय संवाद को संबोधित करते हुए बेल्जियम के पीएम ने अमेरिकी नीतियों की अस्थिरता को आड़े हाथों लिया।
बिना नाम लिए कसा तंज: ‘तालियां बता रही हैं कि आप समझ गए’
व्यापार मंच को संबोधित करते हुए डी वेवर ने कहा कि दुनिया में संरक्षणवाद का दौर बढ़ रहा है, जहां बिना किसी आर्थिक तर्क के फैसले थोपे जा रहे हैं…
“कुछ लोग पूरी तरह मनमाने ढंग से नीतियां तय करते हैं। वे सोमवार को कोई फैसला लेते हैं, बुधवार को उसे वापस ले लेते हैं और शनिवार को फिर से लागू कर देते हैं। मैं नाम नहीं लूंगा, लेकिन आप अच्छी तरह जानते हैं कि मैं किसकी बात कर रहा हूं।”
इस बयान पर जब सभागार तालियों के ठहाकों से गूंज उठा, तो उन्होंने मजाकिया लहजे में जोड़ा, “आपकी तालियां साफ बता रही हैं कि आप समझ चुके हैं कि मेरा इशारा किसकी तरफ है।”
‘अराजक दौर में मोदी की आवाज देती है भरोसा’
एक तरफ जहां उन्होंने वैश्विक व्यापार को विकृत करने वाली नीतियों की आलोचना की, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। डी वेवर ने कहा…
* बुद्धिमत्ता का प्रतीक: दुनिया इस वक्त भारी उथल-पुथल से गुजर रही है। कई वैश्विक नेताओं को सुनकर डर और असुरक्षा का अहसास होता है, लेकिन जब पीएम मोदी बोलते हैं, तो लगता है कि उनकी बात सुनी जानी चाहिए। वे एक बेहद बुद्धिमान और प्रेरणादायक नेता हैं।
* सम्मानजनक मुलाकात: नई दिल्ली में पीएम मोदी से हुई द्विपक्षीय बातचीत बेहद सकारात्मक और गरिमापूर्ण रही।
भारत-ईयू एफटीए: ‘मदर ऑफ ऑल डील्स’
डी वेवर ने भारत और यूरोपीय संघ के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को मील का पत्थर बताया….
* 2 अरब उपभोक्ताओं का बाजार: यह समझौता करीब 2 अरब आबादी वाले बाजार को आपस में जोड़ेगा, जो वैश्विक अर्थव्यवस्था की रीढ़ बनेगा।
* वैश्विक दबाव से सुरक्षा: यह डील केवल वस्तुओं के आयात-निर्यात तक सीमित नहीं है, बल्कि बाहरी आर्थिक दबावों और सप्लाई चेन के व्यवधानों से दोनों पक्षों की रक्षा करेगी।
* लॉजिस्टिक्स और बंदरगाह: बेल्जियम के आधुनिक बंदरगाह भारत और यूरोप के बीच निष्पक्ष और स्वतंत्र व्यापार को गति देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
व्यापार दोगुना करने और रक्षा साझेदारी पर मुहर
मुंबई के इस संवाद सत्र में केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी उपस्थित रहे।
2 से 4 सितंबर के अपने भारत दौरे के दौरान डी वेवर ने भारत के साथ रणनीतिक रिश्तों को नई ऊंचाई दी….
* द्विपक्षीय व्यापार: अगले 5 वर्षों में भारत और बेल्जियम के बीच आपसी व्यापार को दोगुना करने का साझा लक्ष्य तय किया गया।
* रक्षा क्षेत्र में बड़ा कदम: दोनों देशों ने रक्षा सहयोग के लिए ‘लेटर ऑफ इंटेंट’ (LoI) पर हस्ताक्षर किए। इसके अलावा, दोनों देशों के रक्षा उद्योग संगठनों (SIDM और BSDIA) के बीच एमओयू हुआ, जिससे भारतीय रक्षा विनिर्माताओं को यूरोपीय तकनीक और बाजारों तक सीधी पहुंच मिलेगी।
* नए क्षेत्र: रक्षा के साथ-साथ स्वच्छ ऊर्जा, सेमीकंडक्टर, समुद्री लॉजिस्टिक्स और उच्च तकनीक में भी रणनीतिक साझेदारी को विस्तार दिया जाएगा।
