IND-W vs PAK-W: दुबई में फिर बजेगा भारत का डंका? पाकिस्तान के खिलाफ लगातार 5वीं जीत पर टीम इंडिया की नजरें

Bindash Bol

* पाकिस्तान को पांचवीं बार पटकने उतरेगी टीम इंडिया, कप्तान हरमनप्रीत पर रहेगा फोकस

IND-W vs PAK-W: विमेंस एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल का टिकट भारतीय टीम पहले ही अपनी जेब में रख चुकी है। टूर्नामेंट की सबसे मजबूत दावेदार होने के नाते टीम इंडिया से खिताब से कम कुछ भी मंजूर नहीं है, लेकिन असली रोमांच अब शुरू होने जा रहा है। शनिवार, 5 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज जंग देखने को मिलेगी। भारत जहां ग्रुप स्टेज में क्लीन स्वीप करने के इरादे से उतरेगा, वहीं पाकिस्तान के लिए यह मैच सेमीफाइनल में जगह पक्की करने की ‘करो या मरो’ की लड़ाई है।

टी20 में भारत का एकतरफा दबदबा

कागजों पर ही नहीं, मैदान पर भी हरमनप्रीत ब्रिगेड का पलड़ा पाकिस्तान पर हमेशा भारी रहा है। दोनों टीमों के हेड-टू-हेड आंकड़े इस बात की गवाही देते हैं..

* ​कुल टी20 मुकाबले: 17

* ​भारत की जीत: 14

* ​पाकिस्तान की जीत: 3

* ​हालिया फॉर्म: पिछले लगातार 4 मैच भारत के नाम

​पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ अपनी आखिरी जीत 2022 एशिया कप में दर्ज की थी। इसके बाद से भारतीय टीम ने लगातार चार बार पड़ोसी देश को धूल चटाई है। अब नजरें पांचवीं बार लगातार जीत दर्ज कर कुल स्कोर 15-3 करने पर टिकी हैं।

कप्तान हरमनप्रीत की फॉर्म पर रहेंगी निगाहें

मैच के नतीजों से इतर क्रिकेट फैंस की नजरें कप्तान हरमनप्रीत कौर के बल्ले पर टिकी होंगी। हरमनप्रीत पिछले कुछ समय से रनों के लिए जूझ रही हैं। मौजूदा एशिया कप में भी उनका बल्ला शांत रहा है—थाईलैंड के खिलाफ 5 और सिंगापुर के खिलाफ वे महज 10 रन ही बना सकीं। बड़े नॉकआउट मुकाबलों से पहले कप्तान का फॉर्म में लौटना टीम इंडिया के लिए बेहद जरूरी है, और पाकिस्तान के खिलाफ मैच से बेहतर मंच वापसी के लिए कोई और नहीं हो सकता।

दीप्ति शर्मा: पाकिस्तान के खिलाफ भारत का ‘ब्रह्मास्त्र’

दुबई की धीमी पिचों पर भारतीय स्पिन तिकड़ी मैच का रुख तय करेगी, जिसमें सबसे बड़ा नाम है स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा। पाकिस्तान के खिलाफ दीप्ति का रिकॉर्ड बेहद घातक रहा है….

* ​पाकिस्तान के खिलाफ पिछले 5 टी20 मैचों में दीप्ति ने झटके हैं कुल 13 विकेट।

* ​एक मुकाबले में तो उन्होंने पंजा खोलते हुए 5 विकेट अपने नाम किए थे।

* ​इन 5 में से 4 मुकाबलों में भारत ने बाजी मारी है।

​सेमीफाइनल से पहले पाकिस्तान को पटखनी देकर टीम इंडिया न सिर्फ अपनी बादशाहत साबित करना चाहेगी, बल्कि अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी को टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखाने का भी यह सुनहरा मौका होगा।

Share This Article
Leave a Comment