Protest : आशुतोष रांका और सौरव दास जंतर-मंतर से हिरासत में…. सरकार ने कल से ही यहां प्रोटेस्ट बैन किया, CJP नेता बोले- प्रदर्शन यहीं करेंगे
Protest : राजधानी दिल्ली में राजनीतिक सरगर्मियां काफी बढ़ गई हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कामकाज और कथित अनियमितताओं को लेकर विपक्ष का विरोध-प्रदशर्न लगातार जारी है। इसी क्रम में, गृह मंत्रालय द्वारा जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने पर रोक लगाए जाने के बावजूद, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रमुख नेता निषेधाज्ञा का उल्लंघन कर जंतर-मंतर पर दोबारा प्रदर्शन करने पहुंच गए थे। हालांकि, सतर्क दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीजेपी नेताओं और उनके सहयोगियों को अपनी हिरासत में ले लिया।
इससे पहले शनिवार को भी इसी पार्टी के नेताओं—अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका—को हिरासत में लिया गया था, जिन्हें भविष्य में शांति बनाए रखने की शर्त पर रिहा किया गया था।
सड़कों पर उतरा ‘इंडिया’ गठबंधन
दूसरी ओर, सोमवार को कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय जनता दल समेत पूरे ‘इंडिया’ गठबंधन ने राहुल गांधी के आह्वान पर दिल्ली की सड़कों पर एक विशाल मार्च निकाला। प्रदर्शनकारी सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करने पर अड़े हुए थे, परंतु पुलिस ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए मंडी हाउस के पास मजबूत बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। बिना अनुमति के मार्च निकालने और कथित तौर पर बैरिकेड्स तोड़ने के आरोप में पुलिस ने बाराखंभा रोड और तिलक मार्ग थानों में दो एफआईआर दर्ज की हैं।
* नेताओं को लिया गया हिरासत में: दिल्ली पुलिस ने मंगलवार तड़के कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास, नेशनल स्पोक्सपर्सन आशुतोष रांका और अजिंक्य शिंदे को करीब 20 वॉलंटियर्स के साथ जंतर-मंतर से हिरासत में ले लिया।
* गृह मंत्रालय का नया आदेश: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच, गृह मंत्रालय ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शनों पर पाबंदी लगा दी है। अब राजधानी में प्रदर्शन के लिए रामलीला मैदान, बुराड़ी ग्राउंड और पूर्वी दिल्ली के CBD मैदान को आधिकारिक स्थल के रूप में तय किया गया है।
* इंडिया गठबंधन का मार्च और एफआईआर: सोमवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में ‘इंडिया’ गठबंधन ने सुप्रीम कोर्ट की ओर मार्च निकाला था, जिसे पुलिस ने मंडी हाउस के पास रोक दिया। इस सिलसिले में बाराखंभा रोड और तिलक मार्ग थानों में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं
।