Navratri 2026 : नवरात्रि का पांचवां दिन माता स्कंदमाता की उपासना को समर्पित है। इस पवित्र दिन मां की विधि-विधान से पूजा करने के साथ-साथ कुछ विशेष उपाय करने का भी बड़ा महत्व है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इन उपायों को करने से जीवन के कष्ट और बाधाएं दूर होती हैं, साथ ही करियर, वैवाहिक जीवन और संतान सुख में आ रही अड़चनें भी समाप्त हो जाती हैं। आइए जानते हैं इन विशेष उपायों के बारे में….
1. कार्यों में आ रही बाधाएं दूर करने के लिए
नवरात्रि के पांचवें दिन स्कंदमाता की पूजा के पश्चात पीपल के पेड़ के नीचे की थोड़ी सी मिट्टी अपने घर ले आएं। इस मिट्टी को एक साफ स्थान पर रखकर उस पर दूध, दही, घी, अक्षत (चावल) और रोली अर्पित करें तथा इसके सामने दीपक जलाएं। अगले दिन इस मिट्टी को वापस पीपल के पेड़ के नीचे रख आएं। मान्यता है कि ऐसा करने से हर कार्य में आ रही रुकावटें दूर हो जाती हैं। पूजा के बाद इस मंत्र की एक माला (108 बार) जाप अवश्य करें:
मंत्र: सर्वबाधा विनिर्मुक्तो धन धान्य सुतान्वितः। मनुष्यों मत्प्रसादेन भविष्यति न संशयः।
2. संतान प्राप्ति के लिए विशेष उपाय
यदि आपको संतान सुख प्राप्त करने में कठिनाई आ रही है, तो नवरात्रि के पांचवें दिन लौंग और कपूर के साथ अनार के कुछ दाने मिलाकर मां दुर्गा को आहुति दें। हवन या आहुति देने से ठीक पहले इस सामग्री पर बाधा निवारण मंत्र की पांच माला का जाप जरूर करें। (मंत्र ऊपर दिया गया है)
3. कारोबार में तरक्की के लिए
यदि आपका व्यापार ठीक से नहीं चल रहा है या मंदी का सामना करना पड़ रहा है, तो पांचवें दिन लौंग और कपूर में अमलताश के फूल (यदि अमलताश न मिले तो कोई भी पीला फूल ले सकते हैं) मिलाकर मां दुर्गा को आहुति दें। आहुति से पहले इस सामग्री पर बाधा निवारण मंत्र की एक माला का जाप करें।
4. स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के लिए
परिवार के किसी सदस्य की सेहत लंबे समय से खराब चल रही है, तो 152 लौंग और 42 कपूर के टुकड़ों में नारियल की गिरी, शहद और मिश्री मिलाकर हवन करें। ध्यान रखें कि आहुति देने से पहले सामग्री पर बाधा निवारण मंत्र की पांच माला का जाप अवश्य करें। इससे स्वास्थ्य में सुधार होने की मान्यता है।
5. विवाह में आ रही रुकावटों को दूर करने के लिए
यदि किसी जातक के विवाह में लगातार अड़चनें आ रही हैं, तो आज के दिन 36 लौंग और 6 कपूर के टुकड़ों में हल्दी और चावल मिलाकर मां दुर्गा को आहुति दें। आहुति देने से पहले लौंग और कपूर पर बाधा निवारण मंत्र की ग्यारह माला का जाप करें। ऐसा करने से विवाह के योग जल्दी बनते हैं और विवाहित जीवन में भी मधुरता आती है।
(डिस्क्लेमर: दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है।)