Durga Puja 2026 : राँची.. “त्रयम्बके गौरी नारायणी नमोस्तुते” की मंगलमय और पावन ध्वनि के साथ, कैम्ब्रियन पब्लिक स्कूल, काठीटांड (राँची) में शारदीय नवरात्र के पंचम दिवस पर हर्षोल्लास के साथ डांडिया नृत्य का आयोजन किया गया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे-धजे छात्र-छात्राओं ने जब डांडिया की थाप पर प्रस्तुतियां दीं, तो पूरा विद्यालय परिसर मां दुर्गा की भक्ति और सांस्कृतिक रंगों में सराबोर हो गया।
मंत्रमुग्ध कर देने वाली प्रस्तुतियां
बच्चों की ऊर्जावान और मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस सांस्कृतिक उत्सव में ध्रुव भगत, इकाक्षी, यशराज भगत, आशीष, उन्नति वत्स, प्रगति, देव, हंसिका, कनक और मानवी सहित कई छात्र-छात्राओं ने अपनी शानदार कला का प्रदर्शन किया। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही।
प्राचार्य का प्रेरणादायी संदेश
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री संजय मिश्रा ने सभी को दुर्गा पूजा की आत्मीय शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संबोधन में दुर्गा पूजा को ‘बुराई पर अच्छाई की जीत’, सात्विक ऊर्जा का द्योतक तथा सदाचरण और संकल्प का प्रतीक बताया।
प्राचार्य महोदय ने दुर्गा सप्तशती के प्रसिद्ध श्लोक—
”या देवी सर्वभूतेषु विद्या, शक्ति, क्षमा, क्षान्ति, लज्जा, तुष्टि, श्रद्धा, बुद्धि, रूपेण संस्थिता…”
—के गहरे अर्थ और महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि इस श्लोक के माध्यम से हम आदिशक्ति मां दुर्गा से मानव व्यक्तित्व में विद्या, बुद्धि, विनम्रता, शक्ति, क्षमा, संतोष, सहनशीलता और सदाचार जैसे मौलिक गुणों के समावेश की प्रार्थना करते हैं।