Kolkata Stampede Update: कोलकाता भगदड़ में अब तक 20 लोगों की मौत, 6 की हुई पहचान… अमित शाह के सभी प्रोग्राम रद्द, घायलों से कर सकते हैं मुलाकात

Bindash Bol

Kolkata Stampede Update: महासप्तमी की पूर्व संध्या पर पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से बेहद दर्दनाक खबर सामने आई. यहां चोरबागान सर्वजनिन दुर्गा पूजा पंडाल में दर्शन के दौरान अचानक भीषण भगदड़ मच गई. इस भयानक हादसे में कुचलने से मौतों का आंकड़ा बढ़कर 20 हो गया है. इनमें से 6 लोगों की पहचान हो गई है. जबकि 25 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज अस्पताल, एनआरएस (NRS) और आरजी कर अस्पताल में चल रहा है. घटना के बाद पूरे राज्य में मातम छा गया है और उत्सव के सभी सरकारी कार्यक्रम तुरंत प्रभाव से स्थगित कर दिए गए हैं.

हादसे के बाद अस्पताल और पुलिस प्रशासन ने मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया तेज कर दी है. प्रशासनिक बयानों के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वालों में ज्यादातर महिलाएं शामिल हैं. जिन मृतकों की पहचान हुई है उनका विवरण इस प्रकार है-

* श्रीपर्णा पोद्दार (27 वर्ष)- निवासी बैद्यबाती.

* आरती सरकार विश्वास- निवासी चकदाहा.

* प्रिया समद्दर- निवासी न्यू बैरकपुर.

* मिठू पाल- निवासी कुमारटुली.

* तानिया विश्वास- निवासी न्यूटाउन.

* शुभम सोनकर- निवासी चोरबागान (स्थानीय).

‘माइक पर घोषणा से फैली अफरा-तफरी, गिर गया मंडप का हिस्सा’

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय निवासियों ने व्यवस्था और पुलिस प्रशासन पर संगीन सवाल उठाए हैं. मुख्यमंत्री शुवेंदु अधिकारी ने बताया कि रात करीब 8:20 बजे एसीपी से मिली सूचना के अनुसार पंडाल में माइक पर की गई एक घोषणा के बाद अचानक भीड़ में अफरा-तफरी मच गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अंधेरे, हल्की बारिश और संकरे रास्ते के बीच मंडप का एक हिस्सा अचानक झुक या गिर गया, जिससे जान बचाने के लिए भागे लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरते चले गए.

निवासियों का आरोप है कि हजारों पुलिसकर्मियों और स्वयंसेवकों की मौजूदगी के बावजूद कोई एम्बुलेंस या सही आपातकालीन इंतजाम नहीं थे. स्थानीय लोगों ने खुद गाड़ियों और हाथों से घायलों को अस्पताल पहुंचाया.

12 गिरफ्तार, SIT जांच और 25 लाख मुआवजा

घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री शुवेंदु अधिकारी, मुख्य सचिव और स्वास्थ्य मंत्री के साथ देर रात अस्पताल और घटनास्थल पहुंचे. मुख्यमंत्री के निर्देश पर चोरबागान पूजा समिति के 5 मुख्य आयोजकों समेत कुल 12 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है. हादसे की निष्पक्ष जांच के लिए वर्तमान न्यायाधीश की अध्यक्षता में एसआईटी (SIT) का गठन किया गया है. इसके अलावा एसटीएफ, फोरेंसिक और अग्निशमन विभाग को भी जांच में लगाया गया है. राज्य सरकार ने मृतकों के आश्रितों को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को ‘ग्रुप-डी’ की सरकारी नौकरी देने का ऐलान किया है. घायलों को 5-5 लाख रुपये की मदद दी जाएगी और उनके इलाज का पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी.

अमित शाह का दौरा और सभी उत्सव कार्यक्रम रद्द, पीएम मोदी ने जताया शोक

इस त्रासदी के बाद केंद्रीय और राज्य स्तर पर गहरा शोक व्यक्त किया गया है. कोलकाता दौरे पर आने वाले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बेलूर मठ समेत सभी सरकारी और सार्वजनिक कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं. गृह मंत्री रविवार को घायलों से मिलने अस्पताल जा सकते हैं. पीएमओ द्वारा जारी संदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मौतों पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ितों के प्रति संवेदना प्रकट की है और प्रधानमंत्री राहत कोष से भी सहायता का आश्वासन दिया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि ये शोक की घड़ी है और इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए. उन्होंने अन्य सभी पूजा समितियों को भी सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने की सख्त चेतावनी दी है.

Share This Article
Leave a Comment