Tiger Shroff Firing Update: पल्सर बाइक छोड़ लोकल ट्रेन से फरार हुए हमलावर, पुलिस के हाथ लगी आरोपियों की पहली तस्वीर

Bindash Bol

* हाथ-सीने पर पट्टी और खौफनाक मंजर… टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद सामने आई पहली तस्वीर, 15 टीमें तलाश में जुटीं

Tiger Shroff Firing Update: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुए फायरिंग और हमले के मामले में मुंबई पुलिस को एक बड़ा ब्रेकथ्रू मिला है. वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर अपनी पल्सर बाइक विलेपार्ले रेलवे स्टेशन के पास लावारिस छोड़कर लोकल ट्रेन के जरिए शहर से फरार हो गए. पुलिस ने आरोपियों की बाइक जब्त करने के साथ ही उनकी तस्वीरें भी हासिल कर ली हैं. इस बीच, हमले में घायल टाइगर श्रॉफ की पहली तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें उनके हाथ और सीने पर पट्टी बंधी नजर आ रही है. मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के मुलाकात करने के बाद अब महाराष्ट्र पुलिस की 15 विशेष टीमें और क्राइम ब्रांच इस हाई-प्रोफाइल मामले की गहराई से जांच में जुटी हैं.

बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ के फायर इंसिडेंट में अब पुलिस के हाथ अहम सुराग लगा है. पुलिस ने आरोपियों की बाइक जब्त कर ली है. साथ ही टाइगर पर हमला करने वाले दो आरोपियों की तस्वीर भी सामने आ गई है. सूत्रों की मानें तो फायरिंग के बाद हमलावरों ने अपनी पल्सर बाइक को विलेपार्ले रेलवे स्टेशन के पास छोड़ा और लोकल ट्रेन से भाग निकले. जानकारी के अनुसार मुंबई पुलिस ने बाइक जब्त कर ली है जो सेकंड हैंड बताई जा रही है. मुंबई पुलिस की 15 टीमें जांच में जुटी हैं और क्राइम ब्रांच भी मामले की जांच कर रही है.

मुंबई पुलिस ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले में उनके ड्राइवर फिरदौस का बयान दर्ज किया है. पुलिस के मुताबिक तीन अज्ञात हमलावरों ने कथित तौर पर गोलीबारी की थी. इस घटना में ड्राइवर समेत दो लोग घायल हुए हैं. ड्राइवर फिरदौस का अस्पताल में इलाज चल रहा है. जुहू पुलिस ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़ी गोलीबारी की घटना के संबंध में इन तीनों अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला भी दर्ज किया है. यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 109(1) और 3(5) तथा आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किया गया है.

टाइगर श्रॉफ पर गोली चलाने वाले हमलावरों की तस्वीर

टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले के बाद फिल्म इंडस्ट्री सदमे में है. वहीं फैंस भी एक्टर की हेल्थ को लेकर चिंतित हैं. टाइगर के पिता जैकी श्रॉफ की टीम की ओर से इस मामले को लेकर अपडेट भी आया है. उन्होंने कहा है कि टाइगर अब ठीक हैं.

टाइगर से मिलने पहुंचे एकनाथ शिंदे

वहीं टाइगर की हेल्थ का जायजा लेने महाराष्ट्र के उप मुख्यमंंत्री एकनाथ शिंदे टाइगर श्रॉफ के घर पहुंचे और टाइगर की खैरियत पूछी. उन्होंने ये आश्वासन दिया कि जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ा जाएगा. एकनाथ शिंदे ने इस हमले की निंदा की है और कहा है कि जानलेवा हमला होना एक बहुत ही गंभीर मसला है. शिंदे के मुताबिक मुंबई पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया है. पुलिस आयुक्त ने क्राइम ब्रांच समेत 15 विशेष टीमें गठित की हैं जो आरोपियों की तलाश में जुट गई हैं. डिप्टी सीएम ने भरोसा दिलाया है कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

क्या है पूरा मामला?

18 अक्टूबर 2026 को रविवार शाम टाइगर श्रॉफ फुटबॉल खेलकर अपनी कार से वापस लौट रहे थे. कार के अंदर से वे फैंस का अभिवादन स्वीकार कर रहे थे. इस दौरान ही उनपर अचानक अज्ञात हमलावरों ने बैक टू बैक फायरिंग कर दी और मौके पर बाइक से फरार हो गए. हमले में टाइगर का ड्राइवर फिरदौस जख्मी हो गया जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है. वहीं टाइगर को सीधे गोली तो नहीं लगी लेकिन कांच का टुकड़ा लगने से उनके दाए हाथ में मामुली चोट आई है.

लॉरेंस बिश्नोई ने ली जिम्मेदारी

बॉलीवुड स्टार्स पर गोलीबारी का ये कोई पहला मामला नहीं है. इससे पहले भी कई सारे सितारे ऐसे रहे हैं जिन्हें अचानक निशाना बनाया गया है. पहले सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट पर गोलीबारी का मामला सामने आया था. इस दौरान भी बिश्नोई गैंग ने इसकी जिम्मेदारी ली थी. वहीं बॉलीवुड डायरेक्टर के घर भी फायरिंग का गंभीर मामला सामने आया था. अब अचानक टाइगर श्रॉफ की कार को निशाना बनाया गया और उनपर जानलेवा हमला किया गया. इसकी जिम्मेदारी भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के अनिल पंडित और हरमन सिंधू ने ली है और धमकी दी है कि सलमान खान के साथ काम करने वालों का ऐसा ही हाल होगा. फिलहाल इस बयान का अभी पुष्टिकरण होना बाकी है.

सुप्रिया सुले ने महाराष्ट्र की कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

वहीं, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने एक्स पोस्ट पर लिखा, ‘एक ऐसी घटना सामने आई है जिसमें मुंबई में हुई गोलीबारी के दौरान अभिनेता टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाया गया. राज्य भर में लगातार गोलीबारी की घटनाएं सामने आ रही हैं और हालात ऐसे हैं कि अपराधियों को अब कानून का कोई डर नहीं रह गया है. गनीमत रही कि इस घटना में अभिनेता को तो कोई चोट नहीं आई, लेकिन पता चला है कि कुछ अन्य लोग घायल हुए हैं. दिन-दहाड़े, भीड़भाड़ वाली सड़कों पर अपराधी तलवारें लहरा रहे हैं और गोलियां चला रहे हैं. महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था की यह स्थिति बेहद चिंताजनक है. नतीजतन, आम नागरिक डर के साये में जी रहे हैं और अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं. मैं गृह मंत्री से आग्रह करती हूं कि वे राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति की तुरंत समीक्षा करें और जनता को आश्वस्त करने के लिए उचित कदम उठाएं.’

AICWA ने भी जताई चिंता

‘ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन’ ने भी इस घटना पर गहरा दुख जताया है. एसोसिएशन ने एक्स पोस्ट में कहा, ‘आज टाइगर श्रॉफ हैं. अगला कौन होगा? जब मुंबई के बीचों-बीच एक सेलिब्रिटी सुरक्षित नहीं है, तो एक आम मुंबईकर खुद को कैसे सुरक्षित महसूस कर सकता है?’

Share This Article
Leave a Comment