* 17, 18 और 22 साल के.. टाइगर पर गोली चलाने वाले Gen-Z शूटरों की पहचान, एक चलाता था रैपिडो
Mumbai : मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में तीन आरोपियों को अरेस्ट किया गया है. तीनों को राजस्थान के कोटा से पकड़ा गया है. रविवार रात को हुए गोलीकांड के 16 घंटे के अंदर मुंबई पुलिस ने ताबड़तोड़ एक्शन लिया है.
जानकारी के मुताबिक, तीनों आरोपी मुंबई से ट्रेन पकड़कर कोटा पहुंचे थे. उन्हें कोटा की रेलवे कॉलोनी से अरेस्ट किया गया है. पुलिस को उनके मुंबई-पुणे एक्सप्रेस में होने की जानकारी मिली थी. इनमें से एक आरोपी बिहार का रहने वाला है.
एक आरोपी नाबालिग
पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में दो हमलावर भी शामिल हैं. वहीं, एक आरोपी नाबालिग है. पुलिस के मुताबिक, राजस्थान एजीटीएफ और कोटा सिटी पुलिस की संयुक्त टीम ने मुंबई पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर तीनों शूटरों को दबोचा. जानकारी के मुताबिक, तीनों आरोपी पुणे-जयपुर एक्सप्रेस में सफर कर रहे थे. पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया.
यह ट्रेन पुणे से उत्तर की ओर चलती है और मुंबई महानगर क्षेत्र से गुजरते हुए कल्याण जंक्शन और वसई रोड पर निर्धारित ठहराव करती है. इसके बाद यह गुजरात और मध्य प्रदेश से होते हुए राजस्थान में प्रवेश करती है. जयपुर की ओर बढ़ने से पहले ट्रेन कोटा जंक्शन पर रुकती है. मुंबई पुलिस ने बताया कि फायरिंग करने वाले मुंबई क्षेत्र से इस ट्रेन में सवार होकर भागने की कोशिश कर रहे थे. हालांकि, ट्रेन के कोटा स्टेशन पहुंचने पर कोटा पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया. बताया गया कि तीन लोगों में से दो वही हमलावर हैं, जिन्होंने रविवार शाम को टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की थी. फिलहाल, तीनों लोगों से कोटा पुलिस पूछताछ कर रही है.
बाल-बाल बचे अभिनेता टाइगर श्रॉफ
18 अक्टूबर रविवार शाम टाइगर श्रॉफ की कार पर बाइक सवार तीन हमलावरों ने फायरिंग की थी. बताया जा रहा है कार पर फायरिंग के लिए देसी पिस्टल (कॉपी पीस) का इस्तेमाल किया था. हमलावरों ने कार के सामने के विंडशील्ड और साइड की खिड़की को निशाना बनाते हुए कुल 7 राउंड फायरिंग की थी. इनमें से 5 गोलियां कार में लगीं, जबकि 2 गोलियां निशाने से चूक गईं.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पांचवीं गोली चलाने के बाद पैसेंजर साइड की खिड़की के सबसे करीब मौजूद शूटर कार के पास पहुंचा और टाइगर श्रॉफ पर बेहद करीब से गोली चलाने की कोशिश की. हालांकि, कथित तौर पर पिस्टल जाम हो गई. शूटर ने दो बार गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन हथियार में खराबी के कारण फायर नहीं हो सका.
तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज, क्राइम ब्रांच करेगी जांच
फायरिंग की घटना के सिलसिले में मुंबई पुलिस ने तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है, साथ ही, इस मामले की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंपी गई है.
मुंबई पुलिस ने सोमवार सुबह जानकारी दी कि मुंबई के जुहू इलाके में रविवार शाम टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग की घटना में तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ जुहू स्टेशन थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस के अनुसार, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 109(1) और 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा के तहत एफआईआर दर्ज की गई है, साथ ही, पुलिस ने जानकारी दी कि जांच मुंबई क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर कर दी गई है.
इससे पहले, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे रविवार रात अभिनेता के घर पहुंचे. उन्होंने टाइगर श्रॉफ का हाल-चाल जाना और उन्हें राज्य सरकार की ओर से पूरा समर्थन देने का भरोसा दिलाया.
टाइगर श्रॉफ के घर की तस्वीरों में अभिनेता के कंधे और छाती पर पट्टी बंधी दिखी. उनके दाहिने हाथ पर भी पट्टी लगी थी. इस दौरान वे महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से बात कर रहे थे. मुलाकात के समय टाइगर की मां आयेशा श्रॉफ भी वहां मौजूद थीं.
फुटबॉल क्लब के पास हुई गोलीबारी
मुंबई पुलिस के अनुसार, यह घटना तब हुई थी, जब रविवार शाम करीब करीब 7 बजे टाइगर श्रॉफ अपनी कार से फुटबॉल क्लब से निकल रहे थे. कुछ अज्ञात लोगों ने उनकी कार पर फायरिंग की थी, जिसमें अभिनेता की जान बाल-बाल बची. हालांकि, इस घटना में दो लोग घायल हो गए, जिनमें अभिनेता का ड्राइवर और पास में मौजूद ऑटो वाला शामिल है.