Jammu Kashmir : जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों को आतंकवाद के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी मिली है. कुलगाम जिले में चले सर्च ऑपरेशन और मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों ने दो आतंकवादियों को मार गिराया है. मारे गए आतंकियों में आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का वांछित कमांडर मोहम्मद लतीफ भट भी शामिल है, जिसे हाल ही में हुए कुलगाम आतंकी हमले का मास्टरमाइंड माना जा रहा था. कुलगाम आतंकी हमले के मामले में इसे एक बड़ा अपडेट माना जा रहा है. गौरतलब है कि बीती 11 नवंबर को जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सीआरपीएफ (CRPF) की सुरक्षा पोस्ट को निशाना बनाकर आतंकी हमला किया गया था. इस हमले के बाद से ही जांच एजेंसियों के रडार पर लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर मोहम्मद लतीफ भट का नाम प्रमुखता से सामने आ रहा था.
जम्मू कश्मीर के कुलगाम में CRPF पोस्ट पर महला करने वाले लश्कर के कमांडर लतीफ भट को सेना ने जहन्नुनम पहुंचा दिया. सेना ने आतंकी और उसके साथियों को एनकाउंटर में ढेर कर दिया.
11 नवंबर को नौपोरा अखरान में आतंकियों ने CRPF की चौकी पर हमला किया था. जिसमें तीन जवान घायल हो गए थे. घायल जवानों की पहचान हेड कॉन्स्टेबल सोमवीर और कॉन्स्टेबल संतानो और राकेश दास के तौर पर हुई है. तीनों CRPF की 46वीं बटालियन में तैनात हैं. इसके बाद सुरक्षाबलों और पुलिस ने पहाड़ों के चप्पे-चप्पे पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया था. आखिरकार सेना को बड़ी सफलता हाथ लगी.
लतीफ भट पर था 15 लाख का ईनाम
जानकारी के मुताबिक, सेना और पुलिस की टीम ने जम्मू-कश्मीर के कुलगाम के लारू में लतीफ का एनकाउंटर किया है. वह आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का कमांडर था. सेना के एक अधिकारी के मुताबिक, आतंकियों की जानकारी मिलने के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों की जॉइंट टीम ने इलाके में घेराबंदी की थी. तलाशी के दौरान संदिग्ध ठिकाने के पास पहुंचते ही छिपे आतंकियों पर सेना ने गोलीबारी शुरू कर दी. इसके बाद आतंकियों ने भी फायरिंग शुरू कर दी. लतीफ के साथ एक और आतंकी मारा गया है.
पुलिसकर्मी की हत्या में शामिल लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) आतंकवादी लतीफ भट की जानकारी देने वाले और गिरफ्तारी में पुलिस की मदद करने वालों को 15 लाख रुपए के इनाम की घोषणा की गई थी.
इलाके की घेराबंदी कर चलाया गया सघन ऑपरेशन
सुरक्षा बलों ने ऑपरेशन के दौरान पूरे इलाके को घेर लिया. जम्मू-कश्मीर जोन पुलिस ने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा था, ‘कुलगाम में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ शुरू हो गई है. पूरे इलाके को घेर लिया गया है. जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षा बल काम पर हैं.’
इससे पहले जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में सोमवार को लाइन ऑफ कंट्रोल (एलओसी) पर संदिग्ध हलचल देखने के बाद अलर्ट सैनिकों ने कार्रवाई की. अधिकारियों ने बताया कि अलर्ट सेना के जवानों ने सुबह-सुबह जिले के सावजियां सेक्टर में एलओसी पर संदिग्ध हलचल देखने के बाद फायरिंग की, जिसके बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया. कनारी इलाके में हलचल देखी गई, जिसके बाद सैनिकों ने छोटे हथियारों से करीब दो दर्जन राउंड फायरिंग की और इलाके को घेर लिया.
कॉलेज छोड़कर बढ़ई का काम करता था लतीफ
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, कुलगाम जिले में रहने वाला मोहम्मद लतीफ भट कॉलेज में पढ़ाई छोड़कर बढ़ई का काम करने लगा था. नवंबर 2025 में वह अचानक अपने घर से लापता हो गया, जिसके बाद 19 नवंबर 2025 को उसके परिवार ने कुलगाम पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. जांच में सामने आया कि घर छोड़ने के बाद वह आतंकी जाकिर अहमद गनी के संपर्क में आकर आतंकी संगठन में शामिल हो गया और कुलगाम व शोपियां के ऊपरी इलाकों में उसने हथियारों की ट्रेनिंग ली. जुलाई 2026 में शोपियां में हुई एक मुठभेड़ में जब उसका साथी जाकिर गनी मारा गया, तब लतीफ सुरक्षाबलों के घेरे को तोड़कर भाग निकलने में कामयाब रहा था.
टारगेट किलिंग और CRPF पर हमले का मुख्य आरोपी
लतीफ भट दक्षिण कश्मीर में कई बड़ी आतंकी वारदातों में वांछित था. उस पर 22 जुलाई 2026 को अनंतनाग के एक भीड़भाड़ वाले बाजार में जम्मू-कश्मीर पुलिस के हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी की गोली मारकर हत्या करने का आरोप था. 31 जुलाई 2026 को कुलगाम के किलम इलाके में एक ईंट भट्ठे पर काम करने वाले छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी मजदूरों की टारगेट किलिंग में भी उसी का हाथ था. इन घटनाओं के बाद श्रीनगर के लाल चौक समेत कई इलाकों में उसके वांटेड पोस्टर लगाए गए थे. बीती 11 नवंबर 2026 को कुलगाम के मीर बाजार स्थित अखरान इलाके में CRPF की चौकी पर हुए आतंकी हमले का मास्टरमाइंड भी लतीफ भट को ही माना जा रहा था.…