Chhath Puja : लोक आस्था का महापर्व छठ श्रद्धापूर्वक मनाया जाने वाला एक धार्मिक, आध्यात्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि 33 कोटि देवताओं में एकमात्र प्रत्यक्ष सूर्य देव के साथ-साथ प्रकृति की उपासना और दोनों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने का अनुपम उत्सव है तथा सर्वाधिक वैज्ञानिक पर्व भी है। सूर्योपासना के इस पर्व में अर्पित की जाने वाली प्रत्येक सामग्री सीधे प्रकृति से जुड़ी है। हमारे जीवन की तीनों मूलभूत आवश्यकताएँ-भोजन, वस्त्र और आवास- प्रकृति ही पूरी करती है। वेदों में प्रकृति को जीवन का आधार और सूर्य को ‘जगत की आत्मा’ कहा गया है। पृथ्वी पर जीवन का संचालन प्रकृति के उपादानों और सूर्य की ऊर्जा से ही संभव है।
महापर्व छठ एकमात्र ऐसा पर्व है, जिसमें पहले डूबते और बाद में उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। छठ महापर्व में पहले अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने का निहितार्थ मात्र एक परम्परा नहीं, बल्कि प्रकृति, जीवन-चक्र और जीवन-दर्शन का गहरा सन्देश है। सूर्य को जीवन-संचालन, अक्षय ऊर्जा और प्रकाश का मूल आधार माना गया है। डूबते सूर्य को अर्घ्य देना दिन भर अपनी ऊर्जा से संसार का पोषण करने के बाद अस्त होते समय उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का प्रतीक है। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिन भर के कर्मों के बाद विश्राम का सम्मान है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार सांध्य अर्घ्य संध्या की अधिष्ठात्री देवी प्रत्यूषा की आराधना है।
भारतीय मनीषा अवसान (अंत) और उदय (आरम्भ) को समभाव से देखती है और उदय तथा अवसान को एक ही निरंतर चक्र का हिस्सा मानती है। इसके पीछे स्थितप्रज्ञता और समत्व का दर्शन है, जो गीता का भी दर्शन है। श्रीमद्भागवत गीता में ‘समत्वं योग उच्यते’ कहा गया है। सूर्य का अस्त होने उसके तेज का समाप्त होना नहीं, बल्कि दूसरे गोलार्द्ध में उसका उदय होना है।
छठ महापर्व केवल आस्था और प्रकृति का ही पर्व नहीं है, वैज्ञानिक और स्वास्थ्य की दृष्टि से इसका बहुत गहरा महत्व है। कार्तिक मास में सुबह और शाम जब सूर्य की किरणें शरीर पर पड़ती हैं, तब शरीर को भरपूर विटामिन डी मिलता है और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। छठ में डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने की परम्परा का वैज्ञानिक आधार है। इस समय सूर्य की किरणें वायुमण्डल से होकर एक विशेष कोण पर पृथ्वी पर पँहुचती हैं, जिसमें हानिकारक परा बैंगनी (अल्ट्रा वॉलेट) छन जाती हैं और लाभकारी किरणें हम तक पहुँचती हैं। सुबह का प्राकृतिक कोमल सूर्य का प्रकाश शरीर की आंतरिक जैविक घड़ी को सक्रिय करता है, जो पिनियल ग्रन्थि और मेलाटोनिन हार्मोन के स्तर को नियंत्रित करती है और सेरेटोनिन को सक्रिय करती है। सुबह और शाम की रोशनी आँख के रेटिना के माध्यम से मस्तिष्क तक पहुँचती है, जिससे नींद का चक्र सुधरता है, तनाव कम होता है और ऊर्जा बनी रहती है। पानी में खड़े होकर सूर्य को अर्घ्य देते समय जल की सतह पर अपर्वतित सूर्य की किरणें शरीर पर एक ‘प्रिज्म इफेक्ट’ बनाती हैं, जो आँख की दृष्टि को तीक्ष्ण करती है।
छत्तीस घण्टे के निर्जला उपवास से शरीर की कोशिकाओं की सफाई होती है, इंसुलिन सक्रियता में सुधार होता है और शरीर विषमुक्त होता है। छठ व्रत अपनी मूल परम्परा और शास्त्रीय विधि के अनुसार पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त है। पूजा का प्रसाद सजाने और अर्घ्य देने के लिए बाँस से बने सूप डाला का उपयोग होता है। मिट्टी के चूल्हे, जलावन के रूप में आम की लकड़ी, मिट्टी के वर्तन, व्रती द्वारा खरना का प्रसाद ग्रहण करने के लिए केले के पत्ते, प्रसाद वितरण कर लिए पत्ते के दोने और जल स्रोतों का संरक्षण पूरी तरह पर्यावरण हितैषी है।
छठ का प्रसाद और सूप में सजाए जाने वाले फल और सामग्रियाँ स्वस्थ्य के दृष्टिकोण से बहुत महत्वपूर्ण हैं। कच्ची हल्दी और अदरक औषधीय गुणों से युक्त हैं। नारियल रक्तचाप को नियंत्रित करता है और इसमें पोटैशियम प्रचुर मात्रा में होता है। गागल इम्युनिटी बूस्टर और विटामिन सी का स्रोत है। केला में प्राकृतिक शर्करा होती है जो शरीर को तुरत ऊर्जा देती है। शकरकंद कार्बोहाइड्रेट का स्रोत है, मिनरल्स भरा होता है और सर्दियों में ऊर्जा और गर्माहट देता है। पानीफल सिंघाड़ा हृदय और मधुमेह रोग में बेहद लाभदायक है। शरीफा थायरॉइड में फायदेमंद है। खीर और ठेकुआ में प्रयुक्त गुड़ विटामिन बी और आयरन का स्रोत है तथा रक्तवर्धक है।
छठी मइया की डलिया माटी की सुगंध, किसान की मिहनत और निष्ठा, पारम्परिक कारीगरों के हुनर और हमारी आस्था और श्रद्धा से सजता है। संस्कृति, सामाजिक समरसता, आस्था, श्रद्धा, प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण के समन्वय का यह पर्व अद्भुत है।
