Jharkhand : झारखंड के गुमला में 2 महिलाओं की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दोनों महिलाओं के पति सगे भाई हैं। आरोप है कि उन्होंने अपनी पत्नियों की हत्या कर शवों को सिमडेगा जिले के बीरू जंगल में दफना दिया। बुधवार शाम गुमला और सिमडेगा पुलिस की संयुक्त टीम ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जंगल से दोनों शव बरामद किए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
मृतकों की पहचान, दोनों के पति सगे भाई
मृत महिलाओं की पहचान गुमला के विंध्याचल नगर नदी टोली निवासी 28 साल की मिनी प्रिया और 20 साल की राधिका कुमारी के रूप में हुई है। मिनी प्रिया की शादी शिव शंकर साहू से हुई थी, जबकि राधिका कुमारी का पति नवीन साहू है। दोनों आरोपी आपस में सगे भाई हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों दंपतियों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर दोनों परिवारों के बीच तनाव बना हुआ था।
समझौते के बाद घर लौटे थे दोनों भाई
पुलिस के मुताबिक, शनिवार को दोनों दंपतियों के बीच कुछ लोगों की मौजूदगी में समझौता कराया गया था। इसके बाद दोनों भाई अपनी-अपनी पत्नियों को लेकर घर लौट गए थे। सोमवार सुबह करीब 9 बजे परिजनों की दोनों महिलाओं से फोन पर बात हुई थी। इसके बाद दोनों महिलाओं से संपर्क टूट गया। परिजनों को उनकी कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
बच्चों के साथ थाने पहुंचे थे आरोपी
मंगलवार को दोनों भाई अपने बच्चों के साथ गुमला थाने पहुंचे और अपनी पत्नियों के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, पुलिस को दोनों भाइयों की गतिविधियों पर संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस ने उनसे पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान शिव शंकर ने दोनों महिलाओं की हत्या करने और शवों को एंबुलेंस से जंगल ले जाकर दफनाने की बात कबूल की। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल एंबुलेंस को भी जब्त कर लिया है।
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र से निकाले गए शव
बुधवार को दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस सिमडेगा जिले के बीरू जंगल पहुंची। वहां जमीन में दफन दोनों महिलाओं के शवों को बाहर निकाला गया। यह कार्रवाई मजिस्ट्रेट दीपक कुमार की मौजूदगी में की गई। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिमडेगा सदर अस्पताल भेज दिया गया है। सिमडेगा के एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। बता दें कि हाल ही में झारखंड से डबल मर्डर की एक और खबर आई थी जिसमें एक महिला को जबरन पाने की कोशिश नाकाम होने पर शख्स ने ससुर-बहू की टांगी से काटकर हत्या कर दी थी।