Constitution Day : भारत का संविधान हमारे लोकतांत्रिक जीवन का आधार है। इसके सिद्धांत शासन को लोकहित और संवैधानिक मर्यादाओं के अनुरूप चलने का निर्देश देते हैं। यह केवल विधिक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की संस्कृति और जनाकांक्षाओं का दर्पण भी है। प्रख्यात न्यायविद् ननी पालकीवाला ने संविधान को ‘जेलीफिश’ नहीं, बल्कि ‘विकसित जीव’ और उसकी उद्देशिका को उसका ‘परिचय-पत्र’ कहा है।
उद्देशिका संविधान के आदर्शों, उद्देश्यों और दर्शन को संक्षेप में प्रस्तुत करती है। इसके प्रथम चार शब्द—‘हम भारत के लोग’—गहरे निहितार्थ रखते हैं। ‘भारत’ नाम की ऐतिहासिक और पौराणिक पृष्ठभूमि भी महत्त्वपूर्ण है। पुराणों के अनुसार पृथ्वी सात द्वीपों में विभाजित है, जिनमें जम्बूद्वीप प्रमुख है। इसके नौ खंडों में एक का नाम ‘अजनाभ वर्ष’ था। कालांतर में इसे ‘भरतखंड’ और ‘भारतवर्ष’ कहा जाने लगा। आज भी पूजा के संकल्प में ‘जम्बुद्वीपे भरतखंडे’ का उच्चारण इस परंपरा की स्मृति को जीवित रखता है। संविधान ने इसी ऐतिहासिक पहचान को ‘भारत’ नाम से स्वीकार किया है।
उद्देशिका में भारत के तीन स्वरूप—‘मृण्मय’, ‘शाश्वत’ और ‘चिन्मय’—समाहित हैं। उत्तर में लेह से दक्षिण में इंदिरा पॉइंट और पूर्व में अरुणाचल प्रदेश से पश्चिम में कच्छ तक विस्तृत 28 राज्यों तथा 8 केंद्रशासित प्रदेशों का संघ ‘मृण्मय भारत’ है। गाँव-नगर, खेत-खलिहान, हाट-बाजार, नदियों, पहाड़ों और जंगलों में इसका साकार रूप दिखाई देता है।
‘शाश्वत भारत’ उसकी सांस्कृतिक निरंतरता का प्रतीक है। निषाद, द्रविड़, किरात और आर्य जैसी विविध सांस्कृतिक धाराओं के समन्वय से विकसित भारतीय सभ्यता ने अनेक परिवर्तनों के बावजूद अपनी परंपराओं को जीवित रखा है। यही निरंतरता इसकी विशिष्ट पहचान है।
‘चिन्मय भारत’ का मूल बीज वेदांत में है। यज्ञ, शंकराचार्य का अद्वैत, विशिष्टाद्वैत, भक्ति और संन्यास योग जैसी साधना-पद्धतियों में यह चेतना अभिव्यक्त हुई है। वेद, उपनिषद, श्रीमद्भागवत, कालिदास, भक्तिकालीन काव्य, रवीन्द्रनाथ टैगोर और अरविन्द के चिंतन में इसके विविध रूप मिलते हैं। ‘कामायनी’ और ‘उर्वशी’ चिन्मय भारत की, जबकि ‘भारत-भारती’ और ‘कुरुक्षेत्र’ शाश्वत भारत की अभिव्यक्तियाँ हैं। इस प्रकार उद्देशिका में भारत के भौगोलिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक स्वरूपों का समन्वय दिखाई देता है।
उद्देशिका में ‘हम भारत के लोगों’ ने भारत को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने तथा नागरिकों को न्याय, स्वतंत्रता और समता सुनिश्चित करने के साथ व्यक्ति की गरिमा, राष्ट्र की एकता-अखंडता और बंधुत्व बनाए रखने की प्रतिज्ञा की है। इन आदर्शों के सूत्र प्राचीन परंपराओं में भी मिलते हैं। वैदिक साहित्य की ‘सभा’ और ‘समिति’ सामूहिक निर्णय-व्यवस्था की प्रतीक थीं। ऋग्वेद, अथर्ववेद और ब्राह्मण साहित्य में ‘राष्ट्र’ एवं ‘गण’ की अवधारणाएँ प्राचीन राजनीतिक चेतना दर्शाती हैं। यजुर्वेद में राष्ट्र की समृद्धि, विद्वत्ता, वीरता और लोककल्याण की कामना है। महाभारत के बाद बौद्ध काल में पिप्पलीवन के मौर्य, कुशीनगर के मल्ल, कपिलवस्तु के शाक्य और वैशाली के लिच्छवी गणराज्य प्राचीन गणतांत्रिक परंपरा के उदाहरण हैं।
ऋग्वेद का मंत्र ‘एकं सद् विप्रा बहुधा वदन्ति’ धार्मिक सहिष्णुता और विविधता में एकत्व का संदेश देता है। स्वामी विवेकानंद ने इसकी व्याख्या करते हुए कहा था कि सत्य एक है, ज्ञानी उसे अनेक नामों से पुकारते हैं। उन्होंने धार्मिक स्वतंत्रता को मानव विकास की अनिवार्य शर्त माना। उपनिषदों के ‘अहं ब्रह्मास्मि’ और ‘एकोऽहं बहुस्याम्’, महाउपनिषद् के ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ तथा ऋग्वेद की ऋचा ‘अज्येष्ठासो अकनिष्ठासः’ में समानता, बंधुत्व और सहअस्तित्व के भाव हैं। ये विचार उद्देशिका के आदर्शों से साम्य रखते हैं।
भारत में लोककल्याणकारी राज्य की अवधारणा भी प्राचीन है। रामराज्य इसका आदर्श उदाहरण है। कौटिल्य के अर्थशास्त्र में आर्थिक समृद्धि, आजीविका की सुरक्षा, कमजोर वर्गों का संरक्षण और श्रमिक कल्याण को राजधर्म माना गया है।
आज संविधान के आदर्शों और व्यवहार में दूरी दिखाई देती है। राजनीति सत्ता-केंद्रित और समाज धर्म, संप्रदाय तथा जाति के आधार पर विभाजित हो रहा है। हमें याद रखना होगा कि संविधान के वास्तविक संरक्षक हम, भारत के लोग ही हैं। संविधान की सफलता केवल शासन-व्यवस्था पर नहीं, बल्कि नागरिकों की जागरूकता, जिम्मेदारी और संवैधानिक मूल्यों के प्रति निष्ठा पर भी निर्भर करती है।
9 दिसंबर 1946 को संविधान सभा के अस्थायी अध्यक्ष डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा ने चेताया था कि जनता की मूर्खता, भ्रष्टाचार और लापरवाही संविधान को नष्ट कर सकती है। नानी पालकीवाला ने भी अपनी पुस्तक ‘We, the People’ में संविधान के प्रति देशवासियों की उदासीनता पर चिंता जताई थी। वे कहते हैं, “हमने स्वयं को संविधान तो दिया लेकिन इसे बचाये रखने की क्षमता नहीं दी।”
आइए, 26 नवंबर को संविधान दिवस पर उद्देशिका की प्रतिज्ञाओं को आत्मसात करें और उनके पालन के लिए स्वयं को प्रतिबद्ध करें।