Shibu Soren: ‘बाबा नहीं रहे’, शिबू सोरेन के निधन पर झारखंड विधानसभा स्थगित, तीन दिवसीय राजकीय शोक घोषित

Bindash Bol

Shibu Soren: झारखंड आंदोलन के प्रणेता, झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक और राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन के निधन पर गहरे शोक में झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। विधानसभा का यह सत्र 7 अगस्त तक चलने वाला था। बताएं आपको कि सत्र के पहले दिन ही सीएम हेमंत सोरेन को सदन के बीच ही पिता की बिगड़ती हालत को लेकर अचानक दिल्ली जाना पड़ा।

विधानसभा में गूंजा शिबू सोरेन अमर रहे का नारा

मानसून सत्र के दूसरे दिन कार्यवाही शुरू होते ही सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों ने शिबू सोरेन अमर रहे के नारे लगाने शुरू कर दिए। विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने शिबू सोरेन के निधन की जानकारी देते हुए कहा कि आज का दिन हम सभी के लिए अत्यंत दुःख और शोक का दिन है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा- हमें अत्यंत दुःख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि झारखंड के महान नेता, समाज के मार्गदर्शक, पृथक झारखंड राज्य आंदोलन के प्रणेता और देश के वरिष्ठ राजनेता, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री, वर्तमान राज्यसभा सांसद, दिशोम गुरुजी शिबू सोरेन का सोमवार की सुबह निधन हो गया। झारखंड के वंचित समाज को अंधकार से निकालकर अधिकार और न्याय के प्रकाश से आलोकित करने वाले शिबू सोरेन अब हमारे बीच नहीं रहे। उनका जाना न केवल झारखंड के लिए, बल्कि संपूर्ण भारत के लिए – राजनीतिक जगत में, सामाजिक जगत में और अन्याय के विरुद्ध निरंतर संघर्ष के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

पूरा सदन कुछ देर के लिए मौन हो गया

रवींद्रनाथ महतो ने कहा- हमें बहुत दुःख है। बाबा नहीं रहे। वे इस शून्य में हैं, उनकी स्मृतियां, उनके शब्द, उनकी प्रेरणा, उनका आंदोलन और उनका झारखंड। बाबा सदैव हमारे बीच रहेंगे। दुःख की इस घड़ी में सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित की जाती है। विधानसभा अध्यक्ष के अभिभाषण के बाद पूरा सदन कुछ देर के लिए मौन हो गया। इसके बाद विधायकों ने खड़े होकर ‘वीर शिबू सोरेन अमर रहे’, ‘दिशोम गुरु अमर रहे’ के नारों के साथ उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

तीन दिवसीय राजकीय शोक, 4 और 5 को सभी कार्यालय बंद

उधर, झारखंड सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के सम्मान में तीन दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की है। सरकार ने इस दौरान अपने सभी निर्धारित कार्यक्रम भी रद्द कर दिए हैं। राज्य सरकार के सभी कार्यालय 4 और 5 अगस्त को बंद रहेंगे। मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है- “पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य शिबू सोरेन के सोमवार की सुबह नई दिल्ली स्थित सर गंगा राम अस्पताल में निधन के बाद, राज्य सरकार ने 4 अगस्त से 6 अगस्त, 2025 तक तीन दिवसीय राजकीय शोक मनाने का निर्णय लिया है।” बयान में कहा गया है कि इस दौरान झारखंड के सभी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा।

Share This Article
Leave a Comment