Delhi CM Rekha Gupta Attacked : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार सुबह CM आवास में जनसुनवाई के दौरान हमला हुआ। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्हें थप्पड़ मारा गया।
दिल्ली BJP अध्यक्ष वीरेंद्र सक्सेना ने कहा- आरोपी ने CM का हाथ पकड़कर खींचा। वे मेज के कोने से टकराईं। सिर पर चोट आई है। थप्पड़ वाली बात गलत है।
हमले की पुष्टि करते हुए दिल्ली CM ऑफिस ने बयान जारी किया। इसमें कहा गया- आज जनसुनवाई के दौरान एक व्यक्ति ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला किया। उसे दिल्ली पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ की जा रही है।
घटना पर दिल्ली कांग्रेस ने कहा- अगर दिल्ली की मुख्यमंत्री सुरक्षित नहीं हैं तो सामान्य महिला-पुरुष की सुरक्षा कैसे हो सकती है? इस घटना ने महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को उजागर कर दिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी ने अपना नाम राजेश भाई खिमजी (41) बताया है। वह गुजरात के राजकोट का रहने वाला है। इधर, घटना के बाद दिल्ली के मुख्य सचिव और कई मंत्री रेखा गुप्ता का हालचाल जानने सीएम हाउस पहुंचे। यहीं पर सीएम का इलाज किया जा रहा है।
दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने बताया, ‘आज सुबह जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री हमेशा की तरह जनता से बात कर रही थीं। एक व्यक्ति उनके पास आया, कुछ कागज दिए और अचानक उनका हाथ पकड़कर उन्हें खींचने की कोशिश की। इस दौरान थोड़ी धक्का-मुक्की हुई… लोगों ने उसे पकड़ लिया। वो कौन है और अन्य सभी विवरणों की पुलिस जांच कर रही है। मुख्यमंत्री की हालत स्थिर है।’
उन्होंने आगे कहा, ‘डॉक्टरों ने उनकी जांच की है। मैं उनसे मिला हूं, वे एक मज़बूत महिला हैं, वे 18-18 घंटे जनता के बीच काम करती है। ऐसा लगता है कि उनके सिर पर हल्की चोट लगी है सदमा लगा है। राजनीति में इस तरह की घटनाओं का होना निंदनीय हैं, जनसुनवाई जारी रहेगी।’
जनसुनवाई के दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले पर दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा, ‘बहुत ही कायराना और शर्मनाक हमला है। जो भी लोग यह सोचते हैं कि किसी महिला पर हिंसा करके दिल्ली के काम को, दिल्ली के विकास को रोक देंगे, ऐसे अपराधियों को दिल्ली माफ नहीं करेगी…’
गुजरात का रहने वाला है आरोपी
दिल्ली पुलिस का कहना है कि आरोपी ने अपना नाम राजेश खिमजी बताया है और बताया है कि वह राजकोट, गुजरात का रहने वाला है। उसके नाम और पते की पुष्टि की जा रही है। उसके दस्तावेज़ों की जांच भी की जा रही है।
