HAZARIBAG ENCOUNTER : हजारीबाग में बड़ा एनकाउंटर, 1 करोड़ के इनामी नक्सली सहदेव सोरेन समेत 3 ढेर, कोबरा बटालियन का ऑपरेशन

Bindash Bol

HAZARIBAG ENCOUNTER : झारखंड में चल रहे नक्सल अभियान में पुलिस को बहुत बड़ी सफलता हासिल हुई है. हजारीबाग पुलिस और कोबरा बटालियन के संयुक्त अभियान में एक करोड़ के इनामी सहित तीन नक्सलियों को एनकाउंटर में मार गिराया गया है. पुलिस मुख्यालय सूत्रों के द्वारा तीनों नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि की गई है. हजारीबाग के गोरहर थाना क्षेत्र में यह मुठभेड़ हुई है. सर्च अभियान में तीनों नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं. साथ ही मौके से तीन एके-47 भी बरामद किए गए हैं.

कौन-कौन मारा गया

  • केंद्रीय कमेटी मेंबर और एक करोड़ का इनामी सहदेव सोरेन उर्फ प्रवेश.
  • झारखंड स्पेशल एरिया कमेटी का मेंबर रघुनाथ हेंब्रम, जिस पर 25 लाख इनाम रखा गया था.
  • कमेटी मेंबर और 10 लाख का इनामी वीर सेन गंझू.

गोरहर में हुई मुठभेड़

मुठभेड़ की घटना हजारीबाग जिले के गोरहर थाना क्षेत्र के पनतीतरी के जंगल में हुई है. यह क्षेत्र बोकारो और गिरिडीह जिलों की सीमा से सटा हुआ है. मुठभेड़ कोबरा और हजारीबाग पुलिस की संयुक्त टीम और भाकपा माओवादियों के एक करोड़ इनामी नक्सली सहदेव सोरेन के दस्ते के बीच हुई. जंगली इलाके में अभी भी सुरक्षाबल तलाशी अभियान चला रहे हैं.

माना जा रहा है कि मुठभेड़ में कुछ अन्य नक्सली भी घायल हुए हैं. इस कार्रवाई को झारखंड पुलिस और केंद्रीय सुरक्षाबलों की एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है. क्योंकि सहदेव सोरेन कई बड़ी घटनाओं में शामिल रहा था और लंबे समय से पुलिस को उसकी तलाश थी. झारखंड पुलिस ने सहदेव सोरेन पर एक करोड़ रुपये का इनाम घोषित किया था.

Share This Article
Leave a Comment