Bengal Election 2026 : पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण में हुए बंपर मतदान के बाद राहुल गांधी के बयान ने सियासी हल्को में तड़का लगा दिया है। वोटिंग के दरमियान राहुल गांधी के बयान से बंगाल की सियासत पूरी तरह गरमा गई। ममता सरकार पर टिप्पणी के बाद BJP ने राहुल गांधी के बयान को राजनीतिक हथियार की तरह उपयोग करते हुए उन्हें ‘थैंक्यू’, कहा- उसके बाद बंगाल की सियासत में माहौल और तेज हो गया।
पश्चिम बंगाल में पहले चरण में बंपर वोटिंग हुई है। दोपहर 3 बजे तक बंगाल में 78.77 फीसदी मतदान हुए। सभी पार्टी के नेताओं ने जनता से बढ़-चढ़कर वोटिंग की अपील की, इसी कड़ी में राहुल गांधी ने भी एक वीडियो संदेश जारी किया। जिसमें उन्होंने TMC पर निशाना साधते हुए BJP की जीत की भविष्यवाणी कर डाली।
राहुल गांधी ने अपने मैसेज में कहा कि अगर ममता बनर्जी बंगाल में साफ-सुथरी सरकार चलाई होती और ध्रुवीकरण नहीं करती तो आज बंगाल में BJP का रास्ता नहीं खुलता। राहुल के इस बयान को BJP ने अपने लिए जीत की भविष्यवाणी बताया।
राहुल गांधी ने क्या कहा?
राहुल गांधी ने अपने वीडियो में कहते हैं, ‘पश्चिम बंगाल के भाइयों-बहनों, विचारधारा की इस लड़ाई में BJP को सिर्फ कांग्रेस ही हरा सकती है। वो अधिकार छीनते हैं, हम दिलाते हैं। वो संविधान मिटाते हैं, हम बचाते हैं। वो भारत की विविधता मिटाना चाहते हैं, हम बंगाल के साथ हर संस्कृति, हर भाषा का सम्मान करते हैं। आइए, कांग्रेस को भारी मतों से विजयी बनाकर बंगाल में न्याय, सम्मान और प्रगति की सरकार बनाएं।’
राहुल गांधी आगे कहते हैं कि ’अगर ममता जी ने साफ-सुथरी सरकार चलाई होती, अगर उन्होंने बंगाल में ध्रुवीकरण नहीं किया होता तो भाजपा के लिए रास्ता नहीं खुलता। कांग्रेस BJP से लड़ती है। BJP भी यह जानती है कि सिर्फ कांग्रेस ही उसे रोक सकती है।’
बंगाल BJP ने क्या कहा?
राहुल गांधी ने गलती से BJP के खाता खुलने की बात कही या जानबूझकर ये तो वही बता सकते हैं, लेकिन BJP को बैठे बिठाए बड़ा मौका मिल गया।
बंगाल BJP ने X पोस्ट पर राहुल गांधी के बयान को शेयर करते हुए लिखा, ‘राहुल गांधी TMC के बारे में लगातार सच उजागर कर रहे हैं। राहुल जी, आपका फिर से धन्यवाद।’