Bihar Assembly Election 2025 : बिहार में पहले चरण की वोटिंग शुरू, तेजस्वी, सम्राट समेत कई दिगग्जों की किस्मत दांव पर

Bindash Bol

Bihar Assembly Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के तहत गुरुवार को पहले चरण की वोटिंग शुरू हो गई है। राज्य की 243 सीटों में से 18 जिलों की 121 सीटों पर वोटिंग है, मतदान शुरू होने के पहले ही कई मतदान केंद्रों पर वोटरों की लंबी कतारें लग चुकी थी। मतदान को लेकर महिला मतदाताओं में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है। वहीं, 122 सीटों पर चुनाव का आयोजन 11 नवंबर को होगा। बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का परिणाम 14 नवंबर को जारी किया जाएगा। पहले चरण के मतदान में कई दिगग्जों की किस्मत दांव पर है। राज्य में कड़ी सुरक्षा के बीच अब से वोटिंग शुरू हो गई है।

PM मोदी ने लोगों से की ये अपील

बिहार में आज लोकतंत्र के उत्सव का पहला चरण है। विधानसभा चुनावों में इस दौर के सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे पूरे उत्साह के साथ मतदान करें। इस मौके पर पहली बार वोट डालने जा रहे राज्य के अपने सभी युवा साथियों को मेरी विशेष बधाई। याद रखना है- पहले मतदान, फिर जलपान!

क्या है मतदान का समय?

आयोग ने छह विधानसभा सीटों पर मतदान के समय में एक घंटे की कमी की है। इन सीटों के 2135 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। इनमें सिमरी बख्तियारपुर (410 बूथ), महिषी (361 बूथ), तारापुर (412 बूथ), मुंगेर (404 बूथ), जमालपुर (492 बूथ) और सूर्यगढ़ा (56 बूथ) शामिल हैं। आयोग के मुताबिक, यह फैसला इन क्षेत्रों की संवेदनशीलता, प्रखंड मुख्यालय से दूरी और स्थानीय प्रशासन के सुझावों के आधार पर लिया गया है। बाकी 115 सीटों के 43,206 बूथों पर मतदान का समय सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक रहेगा।

इन जिलों में होगी वोटिंग

निर्वाचन आयोग के अनुसार पहले चरण में मधेपुरा, सहरसा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, नालंदा, पटना, भोजपुर और बक्सर जिलों में मतदान होगा।

कहां हैं सबसे ज्यादा वोटर्स

इस चरण में 121 सीटों पर मतदान होगा। इनमें दीघा (पटना) में सबसे अधिक 4.58 लाख मतदाता हैं, जबकि बरबीघा (शेखपुरा) में सबसे कम 2.32 लाख मतदाता हैं। कुरहनी और मुजफ्फरपुर में सर्वाधिक 20-20 उम्मीदवार हैं, जबकि भोरे, अलौली और परबत्‍ता में केवल पांच-पांच उम्मीदवार मैदान में हैं। कुल 45,341 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 36,733 ग्रामीण क्षेत्रों में हैं। कुल मतदाताओं में से 10.72 लाख नए मतदाता हैं, जबकि 18-19 वर्ष आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या 7.38 लाख है।

पहले चरण के चुनावी मैदान में 16 मंत्री

पहले चरण की वोटिंग में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार के 16 मंत्रियों की किस्मत का फैसला होगा, जिसमें बीजेपी से 11 और जेडीयू से पांच मंत्री शामिल हैं। सीवान से बीजेपी कोटे से स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, बांकीपुर से नितिन नवीन, तारापुर से उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, लखीसराय से उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, दरभंगा के जाले से नगर विकास मंत्री जीवेश मिश्रा, दरभंगा शहरी से राजस्व मंत्री संजय सरावगी, कुढ़नी से पंचायती राज मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, साहिबगंज से पर्यटन मंत्री राजू कुमार, अमनौर से सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री कृष्ण कुमार मंटू, बिहारशरीफ से पर्यावरण मंत्री सुनील कुमार और बछवाड़ा से खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता मैदान में हैं।
जेडीयू से पांच मंत्रियों में जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी (सराय रंजन), नालंदा से ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, बहादुरपुर से समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी, कल्याणपुर से सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री महेश्वर हजारी और सोनबरसा से रत्नेश सदा शामिल हैं। इस चरण में बीजेपी के वरिष्ठ नेता और मंत्री मंगल पांडेय पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं और वह सीवान सीट से मैदान में हैं, जहां उनका मुकाबला आरजेडी के वरिष्ठ नेता और विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी से है।

लालू के दोनों बेटों की प्रतिष्ठा है दांव पर

तेजस्वी यादव राघोपुर सीट से लगातार तीसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं हैं यहां उनके मुख्य प्रतिद्वंद्वी भाजपा के सतीश कुमार हैं, जिन्होंने 2010 में तेजस्वी की मां और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को पराजित किया था। राघोपुर सीट से जन सुराज पार्टी ने चंचल सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है। तो वहीं वैशाली की महुआ सीट पर तेजस्वी यादव के बड़े भाई और अपनी पार्टी जनशक्ति जनता दल बनाकर चुनाव लड़ रहे तेज प्रताप यादव मुकाबला आरजेडी विधायक मुकेश रोशन से है।

इन सीटों पर है कड़ी टक्कर

सीवान की रघुनाथपुर सीट भी चर्चा में है, जहां से बाहुबली और पूर्व सांसद दिवंगत मोहम्मद शाहाबुद्दीन के पुत्र ओसामा शहाब चुनाव लड़ रहे हैं। अन्य चर्चित उम्मीदवारों में बीजेपी से युवा लोक गायिका मैथिली ठाकुर (अलीनगर), आरजेडी से भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल यादव (छपरा) और जन सुराज पार्टी से गायक रितेश पांडेय (करगहर) शामिल हैं। सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाली सीटों में मोकामा सीट है, जहां जेल में बंद जेडीयू उम्मीदवार अनंत सिंह का मुकाबला आरजेडी की वीणा देवी से है, जो बाहुबली नेता सूरज भान की पत्नी हैं।

Share This Article
Leave a Comment