CM Suvendu Adhikari : डिटेक्ट और डिमोलिश.. बंगाल में अवैध शराब-गांजा के अड्डों पर बड़ा एक्शन, CM सुवेंदु के स्पेशल ऑपरेशन के आदेश

Bindash Bol

CM Suvendu Adhikari : पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली सरकार ने अवैध शराब और गांजा के कारोबार के खिलाफ सख्त अभियान शुरू करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री ने राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) को निर्देश दिया है कि अगले दो सप्ताह के भीतर पूरे राज्य में चल रहे सभी अवैध शराब और गांजा अड्डों की पहचान कर उन्हें ध्वस्त किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार के दौरान राज्य में अवैध नशे के अड्डों का तेजी से विस्तार हुआ, जिससे कई क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर असर पड़ा। उन्होंने हाल ही में दक्षिण 24 परगना के बारुईपुर में 12 वर्षीय बच्ची से कथित दुष्कर्म और हत्या की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि आरोपी नशे में था और क्षेत्र में संचालित अवैध शराब के अड्डों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।

बारुईपुर के सूर्यपुर में नए पुलिस थाने के उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले कई गंभीर अपराधों के पीछे अवैध शराब और नशे का कारोबार एक बड़ी वजह बनता है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि यदि उनके इलाके में कहीं भी अवैध शराब या गांजा का अड्डा संचालित हो रहा हो तो इसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दें।

मुख्यमंत्री ने डीजीपी को निर्देश दिया कि विशेष अभियान चलाकर राज्यभर में ऐसे सभी अड्डों की पहचान की जाए और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश सीमा से सटे इलाकों में इस तरह की कार्रवाई नियमित रूप से होती रही है, लेकिन अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी उसी स्तर का अभियान चलाकर अवैध नशे के कारोबार का पूरी तरह सफाया किया जाएगा।

गौरतलब है कि राज्य सरकार पहले ही महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर जीरो टॉलरेंस नीति लागू करने और संगठित अपराध पर शिकंजा कसने के लिए कड़े कानून लागू कर चुकी है। अब अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ यह विशेष अभियान उसी दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

Share This Article
Leave a Comment