FIFA World Cup 2026 : जूड बेलिंघम का डबल धमाका, पेले की बराबरी… इंग्लैंड चौथी बार FIFA World Cup सेमीफाइनल में

Bindash Bol

FIFA World Cup 2026 : FIFA World Cup 2026 में इंग्लैंड ने दमदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है। क्वार्टर फाइनल में इंग्लैंड ने नॉर्वे को 2-1 से हराया और इस जीत के सबसे बड़े हीरो रहे स्टार मिडफील्डर जूड बेलिंघम। बेलिंघम ने दोनों गोल दागकर न सिर्फ टीम को जीत दिलाई, बल्कि महान फुटबॉलर पेले के एक बड़े वर्ल्ड कप रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली।

नॉर्वे ने पहले किया वार, बेलिंघम ने लौटाई इंग्लैंड की उम्मीद

मियामी में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में नॉर्वे ने 36वें मिनट में बढ़त हासिल की। आंद्रेस शेल्ड्रेप ने गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 से आगे कर दिया। इसके साथ ही वह FIFA World Cup के क्वार्टर फाइनल में गोल करने वाले नॉर्वे के पहले खिलाड़ी बन गए।

हालांकि इंग्लैंड ने पहला हाफ खत्म होने से पहले ही वापसी कर ली। इंजरी टाइम के दूसरे मिनट (47वें मिनट) में जूड बेलिंघम ने शानदार गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।

एक्स्ट्रा टाइम में चमके बेलिंघम, इंग्लैंड सेमीफाइनल में

दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने कई मौके बनाए, लेकिन निर्धारित 90 मिनट तक कोई गोल नहीं हुआ। मुकाबला एक्स्ट्रा टाइम में पहुंचा, जहां तीसरे मिनट में एक बार फिर जूड बेलिंघम ने अपनी क्लास दिखाई। उनके निर्णायक गोल की बदौलत इंग्लैंड ने 2-1 से जीत दर्ज कर FIFA World Cup 2026 के सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लिया।
यह चौथा मौका है जब इंग्लैंड की टीम विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंची है। इससे पहले इंग्लैंड 1966, 1990 और 2018 में अंतिम चार तक पहुंच चुका है।

पेले की बराबरी, एम्बाप्पे से बस एक कदम दूर

नॉर्वे के खिलाफ दो गोल करने के साथ ही जूड बेलिंघम ने 23 वर्ष या उससे कम उम्र में FIFA World Cup में सबसे ज्यादा गोल करने के मामले में महान पेले की बराबरी कर ली। अब दोनों के नाम 7-7 गोल दर्ज हैं। इस सूची में फ्रांस के किलियन एम्बाप्पे 12 गोल के साथ शीर्ष पर हैं।

बेलिंघम ने एक और खास उपलब्धि अपने नाम की। वह पेले के बाद FIFA World Cup के लगातार दो नॉकआउट मुकाबलों में दो या उससे अधिक गोल करने वाले दूसरे सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं।

इंग्लैंड के इतिहास में नया रिकॉर्ड भी निशाने पर

जूड बेलिंघम इस विश्व कप में अब तक 6 गोल कर चुके हैं और इंग्लैंड के लिए एक ही वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा गोल करने के रिकॉर्ड की बराबरी कर चुके हैं। फिलहाल वह गैरी लिनेकर और हैरी केन के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं।

सेमीफाइनल में एक और गोल करते ही बेलिंघम इंग्लैंड के लिए विश्व कप के एक संस्करण में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बन सकते हैं।

Share This Article
Leave a Comment