FISM 2025: इटली में आयोजित वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ मैजिक (FISM Italy 2025) में भारत की जानी-मानी मेंटलिस्ट और मैजिशियन सुहानी शाह को ‘बेस्ट मैजिक क्रिएटर’ का अवॉर्ड मिला है। यह अवॉर्ड दुनियाभर के मैजिशियन के लिए सबसे बड़ा सम्मान माना जाता है। सुहानी की इस उपलब्धि ने भारत को ग्लोबल मैजिशियन मंच पर एक नई पहचान दी है।
सुहानी शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी ऐतिहासिक जीत की जानकारी साझा करते हुए लिखा, “FISM में जीतने वाली पहली भारतीय! सर्वश्रेष्ठ जादू रचयिता का खिताब। आपकी हर ताली, समर्थन और मेरे जादू में विश्वास के लिए धन्यवाद।”
7 साल की उम्र से शुरू हुआ था सफर
महज सात साल की उम्र में जादू की दुनिया में कदम रखने वाली सुहानी शाह आज भारत की सबसे लोकप्रिय जादूगरों में से एक हैं। अब तक वह 5000 से अधिक लाइव परफॉर्मेंस दे चुकी हैं, जिन्होंने उन्हें भारत ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई।
डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रचाई जादू की नई इबारत
FISM ने इस बार डिजिटल क्रिएटर्स के लिए एक नई श्रेणी शुरू की थी, जिसमें सुहानी शाह ने अपनी डिजिटल प्रस्तुति और रचनात्मकता से दर्शकों और जूरी का दिल जीत लिया।
भारतीय जादू को मिली नई पहचान
सुहानी शाह की यह जीत न केवल उनके लिए बल्कि पूरे भारत के लिए एक गर्व का क्षण है। इस उपलब्धि ने वैश्विक मंच पर भारतीय जादू कला को नई पहचान दिलाई है और देश के युवा कलाकारों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है।
